देश-दुनिया

Operation Sindoor: पीएम मोदी बोले-पहलगाम आतंकी हमला भारत की आत्मा पर हमला था, हमारी प्रतिक्रिया निर्णायक थी

Operation Sindoor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले महीने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला भारत की आत्मा और एकता पर हमला था और इसके बाद चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर आतंकियों के लिए एक निर्णायक जवाब था।

प्रधानमंत्री का सिक्किम दौरा रद
प्रधानमंत्री खराब मौसम के कारण सिक्किम की स्थापना के 50 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के लिए बृहस्पतिवार को गंगटोक नहीं जा पाएंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सिक्किम के लोगों को संबोधित कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को दी बधाई
प्रधानमंत्री ने सिक्किम के स्थापना दिवस कार्यक्रम को डिजिटल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री खराब मौसम के कारण सिक्किम की स्थापना के 50 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के लिए बृहस्पतिवार को गंगटोक नहीं जा पाए। उन्होंने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सिक्किम के लोगों को संबोधित कर रहे हैं।

कहा, सिक्किम राष्ट्र का गौरव
डिजिटल माध्यम से अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि मैं गंगटोक में सिक्किम के स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनना चाहता था लेकिन मौसम ने इसमें खलल डाल दिया। उन्होंने सिक्किम के लोगों को राज्य के 50वें स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि सिक्किम राष्ट्र का गौरव है, यहां के लोग लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं। जैव विविधता से समृद्ध सिक्किम ने प्रकृति संरक्षण में मिसाल कायम की है। सिक्किम में जैविक उत्पाद के निर्यात में वृद्धि हो रही है जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। सिक्किम में साहसिक खेलों का केंद्र बनने की क्षमता है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली सरकार भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित है, हम चाहते हैं कि पूर्वोत्तर इस दिशा में आगे बढ़े। हमारी सरकार का मुख्य फोकस ‘कनेक्टिविटी’ पर है, सेवोके-रंगपो परियोजना सिक्किम को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।

कहा, ऑपरेशन सिंदूर हमारे देश में आतंक फैलाने वालों को करारा जवाब
प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके खिलाफ भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि पहलगाम में आतंकियों ने जो किया वह मानवता पर हमला था, अब हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं। ऑपरेशन सिंदूर हमारे देश में आतंक फैलाने वालों को करारा जवाब है।

इसलिए रद की गई प्रधानमंत्री की यात्रा
अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम के स्थापना दिवस के अवसर पर गंगटोक के पलजोर स्टेडियम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित यात्रा खराब मौसम के कारण रद कर दी गई। इस कार्यक्रम में, राज्य के रूप में सिक्किम के गठन के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री एक स्मारक सिक्का, एक स्मारिका और डाक टिकट जारी करने वाले वाले थे। प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करने वाले थे, जिनमें नामची में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाला 500 बिस्तरों वाला जिला अस्पताल, ग्यालशिंग जिले के पेलिंग में सांगाचोलिंग में एक यात्री रोपवे और गंगटोक में अटल अमृत उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक प्रतिमा शामिल है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button