Odisha News: ओडिशा ने आधुनिक भारत के कई निर्माता पैदा किए: द्रौपदी मुर्मू

Odisha News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के लोगों को उनके राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए मंगलवार को कहा कि यह राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में यहां के लोगों के उल्लेखनीय योगदान का जश्न मनाने का अवसर है। मुर्मू ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि ओडिशा ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आधुनिक भारत के कई निर्माता पैदा किए हैं। मैं महाप्रभु जगन्नाथ से ओडिशा की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करती हूं।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ओडिशा के स्थापना दिवस पर दी बधाई
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के स्थापना दिवस उत्कल दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी। आज के ही दिन 1938 में तत्कालीन बिहार, बंगाल और मद्रास के कुछ हिस्सों को अलग करके भाषा के आधार पर ओडिशा को एक अलग प्रांत बनाया गया था।
भारत को ओडिशा के इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व है: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने ओडिशा के स्थापना दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत को ओडिशा के इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व है। मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उत्कल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! यह दिन ओडिशा की गौरवशाली संस्कृति को वास्तव में सम्मानित करता है। भारत ओडिशा के इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व करता है।
ओडिशा की रथ यात्रा, बाली यात्रा को केंद्र की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में स्थान मिला: मोहन चरण माझी
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि दुनियाभर में प्रसिद्ध राज्य के दो प्रमुख उत्सव रथ यात्रा और बाली यात्रा को केंद्र के संस्कृति मंत्रालय के अधीन आने वाले संगीत नाटक अकादमी की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की राष्ट्रीय सूची में शामिल किया गया है। संगीत नाटक अकादमी भारत की शीर्ष सांस्कृतिक संस्था है। (भाषा)



