Delhi Air Pollution: दिल्ली में वायु गुणवत्ता फिर बेहद खराब श्रेणी में पहुंची, एक्यूआई 310 दर्ज

Delhi Pollution: राष्ट्रीय राजधानी में पिछले दो दिन मामूली सुधार रहने के बाद शुक्रवार को वायु गुणवत्ता एक बार फिर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 310 दर्ज किया गया।
जानें, कहां-कितना रहा एक्यूआई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली के 40 निगरानी केंद्रों में से कम से कम 24 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई। इसमें जहांगीरपुरी और आनंद विहार 395 एक्यूआई के साथ सबसे प्रदूषित इलाके रहे। वहीं, लोधी रोड पर एक्यूआई 185 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। पिछले दो दिनों के दौरान दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई थी।
दिल्ली हाई कोर्ट ने एयर प्यूरीफायर पर जीएसटी घटाने की मांग वाली याचिका पर केंद्र से मांगा जवाब
दिल्ली उच्च न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के मद्देनजर एयर प्यूरीफायर पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) घटाने की मांग कर रही याचिका पर शुक्रवार को केंद्र को विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति विकास महाजन और न्यायमूर्ति विनोद कुमार की अवकाशकालीन पीठ ने केंद्र सरकार को याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय दिया और मामले की अगली सुनवाई के लिए नौ जनवरी की तारीख तय की। (भाषा)



