Putin India Visit: भारत तटस्थ नहीं है बल्कि शांति के पक्ष में है, यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी ने पुतिन से कहा

Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ महत्वपूर्ण शिखर वार्ता से पहले राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम मोदी ने पुतिन के साथ शिखर वार्ता के दौरान कहा कि भारत रूस-यूक्रेन संघर्ष में तटस्थ नहीं है, बल्कि शांति के पक्ष में है। मोदी ने कहा कि यह संघर्ष संवाद और कूटनीति के माध्यम से खत्म होना चाहिए।

जानें, पीएम मोदी ने क्या कहा
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी समिट कई नतीजों के साथ चल रही है। आपकी यात्रा बहुत ऐतिहासिक है। 2001 में जब आपने कार्यभार संभाला और पहली बार भारत की यात्रा हुई आज उसे 25 साल हो गए हैं। उस पहली यात्रा में ही स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप की मजबूत नींव रखी गई थी। मैं पर्सनली भी बहुत खुश हूं कि पर्सनल लेवल पर आपके साथ मेरे रिश्तों ने भी 25 साल पूरे कर लिए हैं। मेरा मानना है कि 2001 में आपने जो रोल निभाया, वह इस बात का शानदार उदाहरण है कि एक विजनरी लीडर कैसे होता है, वह कहां से शुरू करता है और रिश्तों को कहां तक ले जा सकता है इसका एक उत्तम उदाहरण भारत और रूस के संबंध हैं।

पुतिन ने कही ये बात
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि पिछले कुछ साल में आपने हमारे रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए बहुत काम किया है। हम हाई-टेक एयरक्राफ्ट, स्पेस एक्सप्लोरेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत सहयोग के लिए और भी एरिया खोल रहे हैं। पुतिन ने कहा कि सबसे पहले, मुझे बुलाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं यूक्रेन में हो रही घटनाओं के बारे में बहुत सारे विवरण शेयर कर सकता हूं। हम यूएस समेत कुछ पार्टनर्स के साथ मिलकर एक संभावित शांतिपूर्ण बयान पर बात कर रहे हैं। इस स्थिति का समाधान ढूंढने में ध्यान देने के लिए धन्यवाद। हमारे तरीके इतिहास में बहुत गहराई से जुड़े हैं, लेकिन शब्द मायने नहीं रखते। बात का सार मायने रखता है, जो बहुत गहरा है। हम सच में इसकी तारीफ करते हैं और इस बात की भी कि आप, पीएम के तौर पर, इस पर खास पर्सनल ध्यान देते हैं। (भाषा/एएनआई)



