राजनीति

Gujarat Politics: राहुल गांधी बोले-गुजरात पूछ रहा है किसानों का कर्ज माफ और मादक पदार्थ का कारोबार साफ क्यों नहीं

Gujarat News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में पार्टी की जन आक्रोश यात्रा का हवाला देते हुए मंगलवार को कहा कि प्रदेश के लोग पूछ रहे हैं कि डबल इंजन सरकार ने किसानों का कर्ज माफ और मादक पदार्थ का कारोबार साफ क्यों नहीं किया। उन्होंने यह दावा भी किया कि पिछले कुछ वर्षों से प्रदेश के युवाओं का भविष्य मादक पदार्थों और अपराध की अंधेरी दुनिया की ओर धकेला जा रहा है।

जानें, क्या कहा राहुल ने
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि गुजरात में चल रही कांग्रेस की जन आक्रोश यात्राओं के दौरान लोगों ने, खासकर महिलाओं ने बार-बार कहा है कि राज्य में बढ़ते नशे, अवैध शराब और अपराध ने उनके जीवन में असुरक्षा को गहरा दिया है। गुजरात महात्मा गांधी और सरदार पटेल की वह धरती है, जहां सत्य, नैतिकता और न्याय की परंपरा रही है, मगर पिछले कुछ साल से प्रदेश के युवाओं का भविष्य ड्रग्स और अपराध की अंधेरी दुनिया की ओर धकेला जा रहा है। महिलाएं बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर रही हैं, क्योंकि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है और उन्हें सिर्फ उपेक्षा मिल रही है।

कहा, न पर्याप्त राहत दिख रही है, न संवेदना
गुजरात पूछ रहा है भाजपा सरकार चुप क्यों है? वह कौन भाजपा मंत्री है जिसके संरक्षण में यह सब चल रहा है? गुजरात के गद्दारों को क्यों बचाया जा रहा है? एक और बड़ा मुद्दा जो यात्रा के दौरान हर बैठक में सामने आया, वह किसानों का है। हाल की भीषण बाढ़ ने हजारों गुजराती परिवारों को तबाह कर दिया और किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं। जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तो राहत पैकेज की बातों की रट रुकती नहीं थी। आज गुजरात डूबा है, डबल इंजन सरकार है, वे प्रधानमंत्री हैं, और न पर्याप्त राहत दिख रही है, न संवेदना।

कांग्रेस जनता की बात सुनती रहेगी
गुजरात में भयानक जनाक्रोश है, हर परिवार अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है। हर परिवार पूछ रहा है। किसानों का कर्ज माफ क्यों नहीं किया, ड्रग्स का कारोबार साफ क्यों नहीं किया? कांग्रेस जनता की बात सुनती रहेगी और भाजपा सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार को लगातार उजागर करती रहेगी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button