Petrol-Diesel Excise Duty Cut: सरकार ने पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर किया, डीजल पर शुल्क समाप्त; अमित शाह ने सराहा

Petrol And Diesel Excise Duty Cut: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण केंद्र सरकार ने कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में उछाल से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया है। साथ ही, डीजल पर इसे शून्य कर दिया गया है।
शुल्क में कटौती तत्काल प्रभाव से लागू
वित्त मंत्रालय द्वारा 26 मार्च की देर रात जारी एक अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि डीजल पर यह शुल्क पहले के 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि शुल्क में यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
अमित शाह बोले, केंद्र सरकार के जन केंद्रित शासन को दर्शाती है उत्पाद शुल्क में कटौती
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक स्तर पर कीमतें बढ़ने के बीच ईंधन पर उत्पाद शुल्क घटाने का केंद्र सरकार का फैसला उसके जन केंद्रित शासन और संवेदनशीलता से प्रेरित निर्णय लेने की प्रक्रिया को रेखांकित करता है।
यह भी कहा अमित शाह ने
अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पश्चिम एशिया संकट के बीच दुनिया ईंधन की कमी से जूझ रही है, जिससे वैश्विक स्तर पर कीमतें बढ़ रही हैं, ऐसे में ईंधन पर उत्पाद शुल्क घटाने का (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का फैसला नागरिकों के लिए बहुत राहत की बात है, जिसकी उन्हें इस समय बहुत आवश्यकता है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



