Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से स्थानांतरित करने के लिए पत्नी गीतांजलि दिल्ली हाईकोर्ट पहुंची

Delhi News: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने कहा कि उन्होंने सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से किसी निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की अनुमति देने का अनुरोध करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने कहा कि वह अपनी याचिका पर रविवार को तत्काल सुनवाई का अनुरोध करेंगी।
जानें, क्या कहा सोनम वांगचुक की पत्नी ने
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने कहा कि उनका सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं रहा है और वह वांगचुक की तबीयत और बिगड़ने से पहले उन्हें वहां से निकालकर अपनी पसंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना चाहती हैं।
जानें, क्या है मामला
दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को चिकित्सकीय सलाह एवं हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए उनके अनशन के 21वें दिन शनिवार सुबह सफदरजंग अस्पताल ले गई थी, जिसके बाद विपक्षी दलों ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए सरकार पर असहमति की आवाज दबाने का आरोप लगाया था। (भाषा)



