Delhi Air Pollution: दिल्ली की हवा बहुत खराब, एक्यूआई 381 दर्ज

Delhi-NCR Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही और समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 381 दर्ज किया गया। यह जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) से मिली। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, सीपीसीबी के समीर ऐप के आंकड़े के अनुसार, दिल्ली में 13 निगरानी स्टेशन में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 25 स्टेशन ने 300 से अधिक रीडिंग के साथ बहुत खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की।
दिल्ली में प्रदूषण को रोकने के लिए आरडब्ल्यूए को इलेक्ट्रिक हीटर दिए जाएंगे
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूरे शहर में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और सुरक्षा कर्मियों को 10,000 इलेक्ट्रिक हीटर वितरित करने की शनिवार को घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा सर्दियों के मौसम में लकड़ी और कोयला जलाने से होने वाले प्रदूषण पर लगाम लगाने के मकसद से की।
उप्र: एनसीआर के हिस्सों में ऑटो रिक्शा पर पाबंदी लगा रहे, प्रदूषण नियंत्रण के लिए कार्ययोजना तैयार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आने वाले उत्तर प्रदेश के हिस्सों में प्रदूषण से निटपने के लिए जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से ऑटो रिक्शा पर पाबंदी लगाई जा रही है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद जिलों में डीजल ऑटो रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद किया जाएगा। इसके अलावा बागपत में डीजल ऑटो रिक्शा का संचालन 31 दिसंबर 2025 तक पूर्णतः बंद करने का निर्णय लिया गया है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



