Bihar Politics: नीतीश कुमार जदयू विधायक दल के नेता चुने गए,सम्राट चौधरी बने भाजपा विधायक दल के नेता

Bihar News: बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक दलों ने बुधवार को अपने-अपने विधायक दल के नेताओं का चयन किया। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया।
विजय सिन्हा को उपनेता चुना
वहीं, भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक बैठक में वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना। दोनों दलों की ओर से यह जानकारी दी गई।
नीतीश के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त किया
जदयू की विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास में हुई। इसमें पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें नेता चुना।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
जदयू ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आज पटना स्थित 1, अणे मार्ग में आयोजित जद (यू) विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से श्री Nitish Kumar जी को जद (यू) विधायक दल का नेता चुना गया। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जद (यू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय झा, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय, विधानसभा के उपाध्यक्ष सह नवनिर्वाचित विधायक नरेंद्र नारायण यादव, विधान परिषद के उप-सभापति रामवचन राय, जद (यू) प्रदेश अध्यक्ष सह नवनिर्वाचित विधायक उमेश सिंह, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी सहित जद (यू) के सभी नवनिर्वाचित विधायकगण उपस्थित रहे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



