बधाई संदेश

Hanuman Jayanti: देशभर में हनुमान जयंती की धूम, पीएम मोदी ने दीं शुभकामनाएं

Hanuman Jayanti 2025: देशभर में शनिवार को हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। मंदिरों में रंग-बिरंगी लाइटें सजाई गईं। शोभायात्रा निकाली गईं। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी का पूजन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हनुमान जयंती के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि देशवासियों को हनुमान जयंती की ढेरों शुभकामनाएं। संकटमोचन की कृपा से आप सभी का जीवन सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहे, यही कामना है।

जानें, कब और क्यों मनाई जाती है हनुमान जयंती
पंचांग के अनुसार, चैत्र पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 12 अप्रैल 2025 को तड़के 3:20 बजे है, इसका समापन 13 अप्रैल को सुबह 5:52 बजे होगा। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, हनुमान जयंती 12 अप्रैल को ही मनाना शुभ है। हनुमान जयंती चैत्र माह की पूर्णिमा को मनाई जाती है। इस दिन हनुमानजी का जन्म हुआ था। इस दिन सच्चे मन से पूजा करने से हनुमान जी सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।

हनुमान जयंती शोभायात्रा से पहले दिल्ली के जहांगीरपुरी में सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली पुलिस ने हनुमान जयंती के अवसर पर शोभायात्रा के मद्देनजर जहांगीरपुरी इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। विश्व हिंदू परिषद समेत कई हिंदू संगठनों ने इलाके में शोभायात्रा निकालने की घोषणा की है जिसे देखते हुए अधिकारी सतर्क हैं।


विहिप को दिल्ली के जहांगीपुरी में हनुमान जयंती शोभायात्रा निकालने की अनुमति देने से पुलिस का इनकार
दिल्ली पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) को संवेदनशीलता और कानून-व्यवस्था पर प्रभाव के मद्देनजर हनुमान जयंती पर उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शोभायात्रा निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। शुक्रवार को जारी एक आदेश में कहा गया है कि शनिवार को हनुमान जयंती के अवसर पर दोपहर 12:00 बजे से ए-ब्लॉक से के-ब्लॉक जहांगीरपुरी तक शोभा यात्रा की अनुमति देने के आपके अनुरोध पर विचार किया गया, लेकिन क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा परिदृश्य पर इसके प्रभाव व संवेदनशीलता को देखते हुए इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों को दीं हनुमान जयंती पर शुभकामनाएं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को हनुमान जयंती के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा कि हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएं।

हनुमान जयंती पर संभल में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई
हनुमान जयंती के अवसर पर शनिवार को उत्तर प्रदेश के संभल में भक्ति और सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को बढ़ावा देने के लिए हल्लू सराय स्थित श्री बाला जी मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। पिछले साल 24 नवंबर को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद संभल में यह पहला ऐसा आयोजन था।

वाराणसी में धूमधाम से मनाई गई हनुमान जयंती, शहर में विशेष अनुष्ठान और शोभायात्राओं का आयोजन
हनुमान जयंती के अवसर पर वाराणसी के मंदिरों में रंग-बिरंगी सजावट की गई, सुबह से ही आरती, भक्ति गीत और रामचरितमानस का पाठ किया गया। कई स्थानीय समितियों ने शोभायात्राएं निकालीं, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर में गश्त की।(भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button