Delhi News: दिल्ली के कई स्कूलों को बम की धमकी, अरविंद केजरीवाल बोले-चार इंजन वाली भाजपा सरकार राजधानी की सुरक्षा नहीं संभाल पा रही

Delhi Crime: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को शनिवार सुबह बम की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस तथा बम निरोधक दस्तों ने स्कूल पहुंच कर तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिन स्कूलों को धमकियां मिली उनमें द्वारका में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय शामिल हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, एक साल से न कोई पकड़ा गया, न कोई कार्रवाई हुई
दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि दिल्ली के स्कूलों को बार-बार बम धमकी मिल रही हैं। हर तरफ अफरातफरी हो जाती है, स्कूलों की छुट्टी होती है, बच्चों और अभिभावकों में डर फैलता है। लेकिन एक साल से न कोई पकड़ा गया, न कोई कार्रवाई हुई। चार इंजन वाली भाजपा सरकार राजधानी की सुरक्षा तक नहीं संभाल पा रही। माता-पिता रोज डर में जी रहे हैं। आखिर ये सब कब खत्म होगा? (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



