राजनीति

GST: पीयूष गोयल बोले, जीएसटी सुधार परिवर्तनकारी, कांग्रेस ने कहा-सच्चे जीएसटी 2.0 का इंतजार जारी

GST News: देश में अब जीएसटी पर फिर से राजनीति शुरू हो गई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जीएसटी सुधारों को बृहस्पतिवार को परिवर्तनकारी करार दिया और उद्योग जगत से इसका पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने को आग्रह किया। वहीं, कांग्रेस ने कहा है कि अभी भी सच्चे जीएसटी 2.0 (जीएसटी के दूसरे संस्करण) का इंतजार जारी है।

जीएसटी दर पांच प्रतिशत होने से सैलून, जिम, योग केंद्र सेवाएं होंगी सस्ती
स्वास्थ्य क्लब, सैलून, नाई, फिटनेस सेंटर, योग आदि सहित सौंदर्य एवं शारीरिक कल्याण सेवाओं पर जीएसटी दर को इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के साथ 18 प्रतिशत से घटाकर बिना टैक्स क्रेडिट के पांच प्रतिशत करने से इन सेवाओं के सस्ते होने की संभावना है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं जैसे हेयर ऑयल, टॉयलेट सोप बार, शैम्पू, टूथब्रश, टूथपेस्ट भी सस्ते हो सकते हैं क्योंकि इन पर कर वर्तमान 12-18 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया गया है।

मदर डेयरी जीएसटी कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाएगी
मदर डेयरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह विभिन्न उत्पादों पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाएगी। मदर डेयरी देश की अग्रणी दुग्ध कंपनियों में से एक है। गत वित्त वर्ष 2024-25 में इसका कारोबार 17,500 करोड़ रुपये रहा था।

राज्यों को राजस्व क्षतिपूर्ति की अवधि पांच साल बढ़े: कांग्रेस
कांग्रेस ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में सुधारों को लेकर बृहस्पतिवार को दावा किया कि अभी भी सच्चे जीएसटी 2.0 (जीएसटी के दूसरे संस्करण) का इंतजार जारी है और यह जीएसटी 1.5 है, क्योंकि अभी यह देखना होगा कि क्या निजी निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और क्या एमएसएमई पर बोझ कम होगा। मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि राज्यों की यह मांग अभी भी अनसुलझी है तथा पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है कि राजस्व की क्षतिपूर्ति की अवधि को पांच साल के लिए और बढ़ाया जाए।

जीएसटी दर में कटौती से वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा: मोटर वाहन उद्योग
मोटर वाहन उद्योग ने बृहस्पतिवार को कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की विभिन्न श्रेणियों में मोटर वाहन पर कर दरों में कटौती का फैसला सही समय पर लिया गया है और इससे क्षेत्र को नई गति मिलेगी। उद्योग निकायों ने कहा कि कर ढांचे का सरलीकरण एवं सार्वजनिक परिवहन के लिए कम दरें एक अच्छा कदम है, जिससे सामर्थ्य बढ़ेगा एवं मांग में तेजी आएगी। साथ ही उन्होंने सरकार के जल्द ही बिना बिके वाहनों पर क्षतिपूर्ति उपकर के उपयोग के लिए उपयुक्त तंत्र को अधिसूचित करने की उम्मीद जाहिर की जिससे एक सुचारू एवं प्रभावी बदलाव सुनिश्चित होगा।

जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने से केरल को होगा नुकसान : केएन बालगोपाल
केरल के वित्त मंत्री केएन बालगोपाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरें कम किए जाने से राज्य के राजस्व को सालाना आठ से 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य जीएसटी दरों में कटौती का समर्थन करता है, जिससे कीमतें कम होंगी। जीएसटी पर राजनीति थम नहीं रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button