Independence Day: प्रधानमंत्री की पाकिस्तान को दो टूक, आतंकवादियों और उनके समर्थकों में अंतर नहीं करेंगे

Independence Day 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में कहा कि आतंकवादियों और उनको पालने-पोसने वालों के बीच कोई फर्क नहीं किया जाएगा और अगर दुश्मनों ने आगे भी कोई हिमाकत की तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा तथा भारत अब न्यूक्लियर ब्लैकमैल नहीं सहेगा। मोदी ने देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से अपने 103 मिनट के संबोधन में यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से ऐसी तबाही हुई कि पाकिस्तान की नींद उड़ी हुई है।
103 मिनट का भाषण दिया, स्वतंत्रता दिवस पर किसी प्रधानमंत्री का सबसे लंबा संबोधन
प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 103 मिनट लंबा भाषण दिया, जो भारत के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिया गया सबसे लंबा संबोधन है। मोदी ने पिछले साल 78वें स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए अपने 98 मिनट के भाषण के रिकॉर्ड को इस वर्ष तोड़ दिया।

स्वतंत्रता दिवस पर लगातार 12 बार संबोधन देकर इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ा
प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 12 बार लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित कर इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ दिया और इस मामले में अब वह केवल जवाहरलाल नेहरू से पीछे हैं, जिन्होंने लगातार 17 बार यह संबोधन दिया था।
इंदिरा गांधी जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक और फिर जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 तक प्रधानमंत्री पद पर रहीं। अक्टूबर 1984 में उनकी हत्या कर दी गयी थी। उन्होंने कुल 16 बार, 15 अगस्त को प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र को संबोधित था, जिनमें से 11 संबोधन लगातार थे।

अवैध घुसपैठ से निपटने के लिए जनसांख्यिकीय मिशन शुरू करेगा भारत
प्रधानमंत्री ने लोगों को अवैध घुसपैठ के जरिए देश की जनसांख्यिकी बदलने की एक पूर्व-नियोजित साजिश के प्रति आगाह किया और इस समस्या से निपटने के लिए एक उच्च-स्तरीय जनसांख्यिकी मिशन की घोषणा करते हुए कहा कि कोई भी देश घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं कर सकता।

सिंधु जल समझौता अन्यायपूर्ण था, इस पानी पर केवल भारत के किसानों का अधिकार
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते को अन्यायपूर्ण और एकतरफा करार देते हुए कहा कि सिंधु नदी के जल पर भारत और उसके किसानों का एकमात्र अधिकार है। मोदी ने लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि इस संधि ने भारत में कृषि को भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने इस समझौते को जारी रखने की निरर्थकता को रेखांकित किया है।
कभी नहीं भूलना चाहिए कि आपातकाल में कैसे लोकतंत्र की हत्या की गई
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में किसी भी पीढ़ी को यह नहीं भूलना चाहिए कि आपातकाल के दौरान कैसे लोकतंत्र की हत्या की गई, उसका गला घोंटा गया और उसकी पीठ में छुरा घोंपा गया।

अगली पीढ़ी के सुधारों के लिए कार्य बल का गठन करेगी सरकार
प्रधानमंत्री ने अगली पीढ़ी के सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए एक कार्यबल के गठन की घोषणा की। इससे देश की आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने और 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने में मदद मिलेगी। मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि हमने अगली पीढ़ी के सुधारों के लिए एक कार्य बल गठित करने का निर्णय लिया है। यह कार्य बल मौजूदा कानूनों को 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम करेगी और देश को 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनने के लिए तैयार करेगी।
3.5 करोड़ नौकरियां सृजित करने के लिए प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को लागू करने की घोषणा की, जिससे अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। पीएम मोदी की अध्यक्षता में एक जुलाई, 2025 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने के लिए इस योजना को मंजूरी दी थी।
भारत के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहा है मोटापा
प्रधानमंत्री ने कहा कि मोटापा देश के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहा है और इसके खिलाफ लड़ाई में सभी को योगदान देना चाहिए।
किसानों, पशुपालकों, मछुआरों के हितों की रक्षा के लिए दीवार की तरह खड़ा है मोदी: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह इन लोगों की रक्षा के लिए दीवार की तरह खड़े हैं। यह टिप्पणी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) में वाशिंगटन कृषि और डेयरी क्षेत्रों में भारत से शुल्क रियायत की मांग कर रहा है। दबाव बनाने के लिए अमेरिका ने भारत पर भारी शुल्क भी लगाया है।
महाकुंभ की सफलता भारत की शक्ति का प्रमाण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को प्रयागराज में हुए महाकुंभ के सफल आयोजन को भारत की शक्ति का प्रमाण बताया।
प्रत्येक क्षेत्र गर्व से स्वीकार करता है नारी शक्ति की ताकत
प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को आकार देने में महिलाओं के बढ़ते योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि आज हर क्षेत्र हमारी नारी शक्ति की ताकत को गर्व से स्वीकार करता है। भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए, मोदी ने कहा कि महिलाएं न केवल उभरती अर्थव्यवस्था की लाभार्थी हैं, बल्कि इसकी गति की प्रमुख चालक भी हैं।
महिला स्वयं सहायता समूह कमाल कर रहे, उनके उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंच रहे : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं के स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) कमाल कर रहे हैं और वे हाशिए से निकलकर अब उद्यमिता और निर्यात की अग्रणी ताकत बन गए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि इनके उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रहे हैं और एसएचजी करोड़ों रुपये का कारोबार कर रहे हैं।
भारत ने निर्धारत समय से पांच साल पहले ही स्वच्छ ऊर्जा का लक्ष्य हासिल कर लिया
प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां एक ओर दुनिया ग्लोबल वार्मिंग को लेकर चिंतित है, वहीं भारत ने गैर-जीवाश्म आधारित ऊर्जा स्रोतों से अपनी कुल स्थापित बिजली क्षमता का 50 प्रतिशत प्राप्त करने का महत्वाकांक्षी जलवायु लक्ष्य निर्धारित समय से पांच वर्ष पहले ही हासिल कर लिया है। देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि जब आज दुनिया ग्लोबल वार्मिंग को लेकर चिंतित है, भारत ने तय किया था कि 2030 तक हम देश में स्वच्छ ऊर्जा का योगदान 50 प्रतिशत तक बढ़ा देंगे।
2047 तक परमाणु ऊर्जा में दस गुना वृद्धि का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत 10 नए परमाणु रिएक्टरों पर तेजी से काम कर रहा है और देश ने अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता को 2047 तक दस गुना बढ़ाने का संकल्प लिया है। कहा कि भारत भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी पहल कर रहा है।
स्वतंत्रता दिवस पर संविधान निर्माताओं को किया याद
प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से 79वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में भारत के संविधान का मसौदा तैयार करने वाले दूरदर्शी महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी और इसे आकार देने में भूमिका निभाने वाली महिलाओं को विशेष रूप से याद किया।
प्रधानमंत्री ने संविधान सभा की महिला सदस्यों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान निर्माण में हमारी नारी शक्ति ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हंसा मेहता और दक्षायनी वेलायुधन जैसी नेत्रियों ने भारत के संविधान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। देशभर में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



