क्राइम

Delhi News: दिल्ली में पार्किंग विवाद को लेकर हुमा कुरैशी के रिश्तेदार की हत्या, दो गिरफ्तार

Delhi Crime: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के भोगल इलाके में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में अभिनेत्री हुमा कुरैशी के एक रिश्तेदार की नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बृहस्पतिवार देर रात हुई वारदात
अधिकारी ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में दो लोगों को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि भोगल के चर्च लेन निवासी आसिफ कुरैशी पर बृहस्पतिवार देर रात हुई तीखी बहस के दौरान किसी नुकीली चीज से हमला किया गया, जिससे उसके सीने में गंभीर चोट आई।

घर के सामने एक स्कूटर खड़ा करने को लेकर हुई बहस
पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब साढ़े 10 बजे हुई, जब आसिफ की अपने घर के सामने एक स्कूटर खड़ा करने को लेकर एक व्यक्ति से बहस हुई। झगड़ा इतना बढ गया कि आसिफ पर पोकर जैसे किसी हथियार से कथित तौर पर हमला किया गया, जिससे उसके सीने में गहरा घाव हो गया। पीड़ित घटनास्थल पर ही गिर गया और उसे एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1) और 3(5) के तहत हजरत निजामुद्दीन थाने में मामला दर्ज किया गया।

एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान उज्ज्वल (19) और गौतम (18) के रूप में हुई है तथा दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। वे चर्च लेन पर एक इमारत की दूसरी मंजिल पर रहते हैं, जो पीड़ित के घर से थोड़ी दूरी पर है। घटना के बाद दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। घटनाक्रम और हमले में प्रत्येक आरोपी की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button