Teachers Day: जानें-कब और क्यों मनाया जाता है शिक्षक दिवस, किसने-क्या कहा?

Teachers Day 2026: देशभर में शनिवार को शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षकों से छात्रों को नशे की बुराई के प्रति जागरूक करने और उनके स्क्रीन टाइम को कम करने में मदद करने की अपील की है। पीएम मोदी ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों से बातचीत के दौरान कहा कि समाज के सभी लोगों को छात्रों को रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी आज एसआरसीसी के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।शिक्षक दिवस के दिन शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिससे यह अवसर और भी खास हो गया है।
जानें, कब और क्यों मनाया जाता है शिक्षक दिवस
भारत के इतिहास में पांच सितंबर की तारीख का एक खास महत्व है। दरअसल इस दिन देश के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म हुआ था और उन्हीं के सम्मान में इस दिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। पांच सितंबर 1888 को तमिलनाडु में जन्मे डॉ. राधाकृष्णन को भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद् और महान दार्शनिक के तौर पर जाना जाता है। पूरे देश को अपनी विद्वता से अभिभूत करने वाले डॉ. राधाकृष्णन को भारत सरकार ने सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया था।
आधुनिक शिक्षा और नवाचार से नयी पीढ़ी का भविष्य गढ़ रहे शिक्षक: योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक सेल्फी वीडियो साझा कर उत्तर प्रदेश की प्राचीन ज्ञान परंपरा को याद किया और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
शिक्षक दिवस पर केरलम के मुख्यमंत्री सतीशन ने आईआईएम-के में छात्र के रूप में साझा किए अनुभव
केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर भारतीय प्रबंधन संस्थान कोझिकोड (आईआईएम-के) में दो दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपने 20 सदस्यों वाले मंत्रिमंडल के साथ कक्षा में शामिल होने का अनुभव साझा किया। सतीशन ने फेसबुक पर एक वीडियो संदेश में बताया कि उन्होंने और उनके मंत्रिमंडल के 20 सदस्यों ने शुक्रवार और शनिवार को रीइमैजिनिंग केरलम विषय के तहत आयोजित दो दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आईआईएम-के में छात्रों की तरह कक्षाओं में हिस्सा लिया। देशभर में शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



