Ahmedabad Plane Crash: एअर इंडिया मृतकों के परिजन और जीवित बचे लोगों को 25-25 लाख रुपये का करेगी अंतरिम भुगतान

Ahmedabad Plane Crash: विमानन कंपनी एअर इंडिया ने शनिवार को घोषणा की कि वह अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजन और जीवित बचे लोगों को 25-25 लाख रुपये का अंतरिम भुगतान करेगी।
दुर्घटना में घायल हुए लोगों के इलाज का खर्च भी समूह उठाएगा
एअर इंडिया ने एक बयान में बताया कि यह अंतरिम भुगतान मूल कंपनी टाटा संस द्वारा पहले घोषित किए गए एक-एक करोड़ रुपये के मुआवजे के अतिरिक्त है। विल्सन ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों के इलाज का खर्च भी समूह उठाएगा।
टाटा समूह विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये देगा: एआई सीईओ
एअर इंडिया (एआई) के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कैम्पबेल विल्सन ने शुक्रवार को कहा कि विमानन कंपनी का स्वामित्व रखने वाला टाटा समूह विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देगा।
अहमदाबाद विमान हादसे में अब तक 270 लोगों की जा चुकी है जान
बृहस्पतिवार को एअर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जा रही उड़ान एआई 171 में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य थे, जिनमें से एक को छोड़कर सभी की मौत हो गई है। वहीं, विमान मेडिकल कॉलेज परिसर पर गिरा, जिससे जमीन पर मौजूद पांच एमबीबीएस छात्रों सहित 29 अन्य लोगों की भी जान चली गई। विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और मेघाणी नगर क्षेत्र में स्थित सरकारी बीजे मेडिकल कॉलेज के परिसर में गिर गया था तथा उसमें आग लग गई थी।(भाषा)



