MP News: रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना के खिलाफ इंदौर के पुलिस थाने में शिकायत दर्ज, विवादास्पद शो पर प्रतिबंध की मांग

Indore News: हास्य कलाकार समय रैना के यूट्यूब रियलिटी शो इंडियाज गॉट लैटेंट में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रणवीर इलाहाबादिया की अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ मध्य प्रदेस में इंदौर के एक पुलिस थाने में मंगलवार को शिकायत दर्ज की गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इन्होंने दर्ज कराई शिकायत
तुकोगंज पुलिस थाने के प्रभारी जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि स्थानीय वकील अमन मालवीय की दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि रैना के यूट्यूब रियलिटी शो इंडियाज गॉट लैटेंट में इलाहाबादिया ने अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जो सामाजिक मर्यादा के लिहाज से ठीक नहीं है। इस शिकायत पर अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। इस शिकायत की विस्तृत जांच की जाएगी और इसके बाद उचित कानूनी कदम उठाया जाएगा। शिकायतकर्ता वकील मालवीय ने कहा कि इंडियाज गॉट लैटेंट के विवादास्पद शो में शामिल इलाहाबादिया, रैना और अन्य मशहूर हस्तियों ने अभिव्यक्ति की आजादी का दुरुपयोग कर इस कार्यक्रम में अभद्र टिप्पणियां की गईं।
इलाहाबादिया और रैना पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग
उन्होंने मांग की कि उक्त शो में शामिल लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए। मालवीय के साथ पुलिस थाने आए उनके साथी वकीलों ने भी इस शो में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए इलाहाबादिया और रैना की आलोचना की। उन्होंने मांग की कि इलाहाबादिया और रैना पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए और समाज तथा संस्कृति के हितों को देखते हुए इस शो को प्रतिबंधित कर दिया जाना चाहिए। (भाषा)



