UP News: शाहजहांपुर में अवैध संबंधों के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बेटियों पर फेंका तेजाब

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी और दो बेटियों पर कथित रूप से तेजाब डाल दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी है।
जानें, क्या है मामला
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में रहने वाली महिला अपनी दो बेटियों व एक बेटे के साथ एक गांव में किराए के मकान में रहती है, जबकि उसका पति हरदोई के शाहाबाद में रहता है। शुक्रवार रात में जब पत्नी अपनी बेटियों के साथ घर में सो रही थी, तब उसका पति दीवार फांद कर घर में आ गया और सो रही पत्नी तथा बेटियों पर तेजाब डाल दिया। उन्होंने पुलिस द्वारा पीड़िता के बेटे से पूछताछ के हवाले से बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी है और उसने शराब के चलते अपनी खेती भी बेच दी थी। इसके बाद पत्नी अपने बच्चों को लेकर यहां एक गांव में रहने लगी, परंतु पति यहां भी आ जाता था उसे शक था कि उसकी पत्नी के लोगों से अवैध संबंध है।
इनके विरुद्ध दर्ज हुआ केस
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना में महिला तथा उसकी बेटियां (16) व (23) तेजाब डाले जाने से गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें सूचना मिलते ही पुलिस ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर दिया। घटना के समय महिला का बेटा अपने दोस्त के यहां ठहरा हुआ था। शनिवार शाम को घायल के बेटे ने अपने पिता व मामा के विरुद्ध तेजाब डाले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार है जिनकी तलाश की जा रही है। (भाषा)


