UP News: यूपी में आंधी-बारिश व ओलावृष्टि से हुए नुकसान पर योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, लोगों को किया आश्वस्त

UP Rain: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित कई जिलों में स्थिति पर सक्रियता से नजर रख रही है और लोगों को आश्वस्त किया है कि उनकी सुरक्षा प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है।
कहा, प्रत्येक प्रदेशवासी की सुरक्षा आपकी सरकार की प्राथमिकता
योगी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि प्रिय प्रदेश वासियों, प्रदेश में कई जनपदों से आंधी-बारिश, ओलावृष्टि की सूचना प्राप्त हुई है। किंतु चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। प्रत्येक प्रदेशवासी की सुरक्षा आपकी सरकार की प्राथमिकता है।
अधिकारियों को क्षेत्र का सर्वे कर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए
आंधी-बारिश, ओलावृष्टि, वज्रपात से प्रभावित जनपदों के अधिकारियों को क्षेत्र का सर्वे कर पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
घायलों का समुचित उपचार कराए जाने के लिए अधिकारियों को किया निर्देशित
जनहानि और पशुहानि होने की स्थिति में तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करने तथा घायलों का समुचित उपचार कराए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है।
फसलों के नुकसान का आकलन कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश
अधिकारियों को वर्तमान में गतिमान गेहूं की सरकारी खरीद के दृष्टिगत मंडियों सहित सभी खरीद केंद्रों पर गेहूं के सुरक्षित भंडारण का पूरा ध्यान रखने व फसलों के नुकसान का आकलन कर शासन को आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस संबंध में अग्रेतर कार्यवाही हो सके। अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था प्राथमिकता पर करने के निर्देश भी दिए हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



