Earthquake: हिमाचल प्रदेश के मंडी में 3.4 तीव्रता का भूकंप

Earthquake In Himachal: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रविवार को 3.4 तीव्रता का मध्यम स्तर का भूकंप आया। मौसम विभाग ने बताया कि सुबह 9:18 बजे मंडी शहर के पास आए भूकंप का केंद्र जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का केंद्र मंडी क्षेत्र में 31.49 डिग्री अक्षांश और 76.94 डिग्री देशांतर पर स्थित था।
मध्य म्यांमार में भूकंप के झटके
मध्य म्यांमार के छोटे से शहर मीकटिला के निकट रविवार सुबह 5.5 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने यह जानकारी दी। यह भूकंप ऐसे समय में आया है जब म्यांमा 28 मार्च को देश के मध्य क्षेत्र में आए 7.7 तीव्रता के भीषण भूकंप के बाद राहत कार्य में जुटा है।
शनिवार को घाटी में डोली धरती
इससे पहले जम्मू कश्मीर में शनिवार दोपहर करीब एक बजे मध्यम तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र पाकिस्तान में था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घाटी के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, लेकिन जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
शनिवार को पाकिस्तान में महसूस किए गए भूकंप के झटके
पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई। देश और विदेश में कई जगहों पर पिछले कुछ दिनों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। (भाषा)



