Kathua Cloudburst: जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बादल फटने और भूस्खलन से सात लोगों की मौत

Cloudburst In Kathua: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में रविवार तड़के बादल फटने और भूस्खलन से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उमर ने जताया दुख जताया, तत्काल राहत उपायों के निर्देश
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को प्रशासन को बादल फटने और भूस्खलन से प्रभावित कठुआ जिले में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राहत, बचाव और निकासी के उपाय करने के निर्देश दिए।
उपराज्यपाल ने शोक जताया
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कठुआ जिले में बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कई लोगों की मौतों पर दुख प्रकट किया और कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी दे दी गई है। सिन्हा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि कठुआ के कई इलाकों में बारिश के कारण हुए विनाशकारी भूस्खलन में लोगों की मौत से बहुत दुखी हूं। यह त्रासदी दिल दहला देने वाली है।
अमित शाह ने उपराज्यपाल व मुख्यमंत्री से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कठुआ में बादल फटने की घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की और केंद्र की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर से इससे पहले भी इस साल बादल फटने और भूस्खलन से कई लोगों की मौत हो चुकी है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



