UP News: मायावती बोलीं, राम मंदिर और बद्रीनाथ में चढ़ावा चोरी की गहन जांच हो

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर और उत्तराखंड में बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गबन की गहन जांच कराए जाने की मांग करते हुए मंगलवार को कहा कि संबंधित न्यासों के शीर्ष प्रबंधन की भूमिका की भी पड़ताल होनी चाहिए।
कहा, ट्रस्ट से जुड़े मुख्य प्रबंधकों की भी सही से जांच होनी चाहिए
मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के बाद अब उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम चढ़ावा में कथित चोरी व गबन होने का मामला सुर्खियों में है। इन दोनों विख्यात धार्मिक स्थलों में इनके ट्रस्ट से जुड़े मुख्य प्रबंधकों की भी सही से जांच होनी चाहिए, वरना आगे चलकर इनके स्थान पर बने मुख्य प्रबंधक भी इसका दुरुपयोग कर सकते हैं। क्योंकि ऐसी आम चर्चा है कि निचले स्तर पर जो भी गड़बड़ी हुई है, उसमें या तो मुख्य प्रबंधकों की मिलीभगत है या फिर उनकी लापरवाही की वजह से यह सब हुआ है। अतः इस प्रकरण की सही तरीके से जांच बहुत जरूरी है तथा इस मामले में सरकार व एसआईटी को भी विशेष ध्यान देना है।
इनसे पुख्ता सबूत लेने चाहिए
मायावती के मुताबिक, सपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी आदि के जिन वरिष्ठ नेताओं द्वारा यहां (श्रीराम मंदिर) चढ़ावे में मोटी रकम की चोरी व गबन होने की बात कही जा रही है, तो उनसे भी इसके पुख्ता सबूत लेने चाहिए, ताकि कोई भी चोरी करने वाला व गबनकर्ता बच नहीं सके, वरना इसकी आड़ में इसे कोरी राजनीति ही माना जाएगा अर्थात श्रद्धा नहीं, जो जनहित के मुद्दों को दरकिनार करके, अब इस मुद्दे की आड़ में ये पार्टियां चुनाव में जाना चाहती हैं, ऐसी भी आम चर्चा है।
जानें, क्या है मामला
गौरतलब है कि राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के बाद बद्रीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के चढ़ावे और दान के प्रबंधन में गड़बड़ियों के आरोप लगे हैं। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने इन आरोपों की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। अब इस मुद्दे पर सियासत गरमाने लगी है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



