Fraud: नहीं थम रहीं ठगी की वारदातें, जालसाजों ने सेवानिवृत्त अधिकारी, बुजुर्ग और युवाओं सहित कई लोगों को ठगा

Cyber Crime: देश में ठगी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। देश में विभिन्न स्थानों पर ठगी की कई वारदातें सामने आई हैं। साइबर जालसाजों ने चंडीगढ़ में भारतीय सेना के 82 वर्षीय एक सेवानिवृत्त अधिकारी और उनकी पत्नी से 3.4 करोड़ रुपये की ठगी की है। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
सेवानिवृत्त अधिकारी और उनकी पत्नी पर धन शोधन का आरोप लगाया
अधिकारियों ने बताया कि जालसाजों ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का कर्मचारी बताकर सेवानिवृत्त अधिकारी और उनकी पत्नी पर धन शोधन का आरोप लगाया। ठगों ने डिजिटल अरेस्ट धोखाधड़ी के तहत दावा किया कि वे 5,038 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच कर रहे थे, जिसके परिणामस्वरूप एक पीड़ित ने आत्महत्या कर ली और एक व्हिसलब्लोअर (भंडाफोड़ करने वाला) की हत्या कर दी गई।
शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का लालच देकर बुजुर्ग से 14.59 लाख रुपये की ठगी
उत्तर प्रदेश के नोएडा में शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर जालसाजों ने एक बुजुर्ग से 14.59 लाख रुपये ऐंठ लिये। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-137 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पिछले वर्ष 16 दिसंबर को उनके व्हाट्सऐप नंबर पर संदेश आया और संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने अपना नाम नवीन पांडेय बताया।
ठाणे में नौकरी के इच्छुक लोगों से 56 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों पर मामला दर्ज
भारतीय रेल में नौकरी दिलाने का वादा कर चार लोगों से 56 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने गत दिनों तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर निवासी सभी पीड़ितों को जालसाजी के जरिए रेलवे के दस्तावेज मुहैया कराए थे।
केरल में 36 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
केरल में 36 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी में लिप्त दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान फयास फवाद (21) और असिमुल मुजासिन (21) के रूप में हुई है, जो मलप्पुरम के कोट्टाकल के रहने वाले हैं।
मेरठ: एमबीबीएस/बीएएमएस की फर्जी डिग्री बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
मेरठ में एमबीबीएस-बीएएमएस की फर्जी डिग्री बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के दो अभियुक्तों को पुलिस ने गत दिनों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से फर्जी डिग्री बनाने के सामान व डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम बिलाल और सूरज प्रकाश हैं।
शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
झांसी के ककरवई क्षेत्र में शादी कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह की महिला सदस्य समेत चार लोगों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ककरवाई थाना प्रभारी विनय कुमार साहू ने बताया कि ककरवई थाना क्षेत्र के बरमाईन गांव के निवासी डालचंद (38) का विवाह नहीं हो पा रहा था, डालचंद का संपर्क जबलपुर निवासी रानी तिवारी नामक महिला से हुआ और उसने आश्वासन दिया कि वह एक लाख रुपए में उसकी शादी करा देगी। (भाषा)


