देश-दुनिया

Fire: गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्टरी में आग लगने से 13 लोगों की मौत

Firecracker Factory Fire: देश और विदेश में मंगलवार को आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। भारत में गुजरात के बनासकांठा जिले में मंगलवार को एक पटाखा फैक्टरी में आग लगने और इमारत के कुछ हिस्से ढहने से 13 लोगों की जान चली गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना डीसा कस्बे के पास स्थित इकाई में हुई।

कई श्रमिकों के फंसे होने की आशंका
डीसा ग्रामीण पुलिस थाने के निरीक्षक विजय चौधरी ने बताया कि डीसा कस्बे के निकट स्थित फैक्टरी में आग लगने के बाद हुए सिलसिलेवार विस्फोटों के कारण उसके कुछ हिस्से ढह जाने से कई श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है।

ओडिशा के कटक में शॉपिंग मॉल में लगी आग
ओडिशा के कटक में मंगलवार एक शॉपिंग मॉल में आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

दिल्ली के न्यू सीलमपुर इलाके में झुग्गी बस्ती में लगी आग
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यू सीलमपुर इलाके में मंगलवार को झुग्गी बस्ती में आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह आग जग परवेश अस्पताल के पास सुबह सात बजकर 35 मिनट पर लगी, जिसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

मलेशिया में गैस पाइप फटने से भीषण आग लगी
मलेशिया में कुआलालंपुर के बाहरी इलाके में एक उपनगर में गैस पाइपलाइन फटने से मंगलवार को भीषण आग लग गई जिसके कारण आसपास के मकानों को तुरंत खाली कराया गया। मध्य सेलंगोर राज्य के पुत्रा हाइट्स में एक गैस स्टेशन के पास लगी आग की लपटें कई किलोमीटर ऊपर तक उठती दिखाई दे रही थीं। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button