देश-दुनिया

Operation Sindoor: पीएम मोदी बोले, ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया का प्रतीक

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सैन्य और आतंकी ढांचे के खिलाफ सैन्य अभियान के एक वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि एक साल बाद भी भारत आतंकवाद को हराने और उसे पोषित करने वाले तंत्र को नष्ट करने के अपने संकल्प में पहले की तरह ही अडिग है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने पर सोशल मीडिया पर अपनी डीपी बदली
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने पर अपने सभी सोशल मीडिया हैंडल पर डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) बदल दी। फेसबुक, इंस्टाग्राम और वाट्सएप पर मोदी के प्रोफाइल पिक्चर को बदलकर काली पृष्ठभूमि पर ऑपरेशन सिंदूर लिखा हुआ चित्र लगाया गया है। इस चित्र में तिरंगा है और अंग्रेजी में लिखे सिंदूर शब्द के एक ओ अक्षर में सिंदूर भरा हुआ दिखाया गया है, जो विवाहित हिंदू महिलाओं का प्रतीक है।

ऑपरेशन सिंदूर आधुनिक युद्ध का उत्कृष्ट उदाहरण : राजनाथ सिंह
ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस मिशन को आधुनिक युद्धकला का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसकी अद्वितीय सटीकता और तीनों सेनाओं के निर्बाध समन्वय का उल्लेख किया। उन्होंने एक संदेश में कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का एक शक्तिशाली प्रतीक है।

ऑपरेशन सिंदूर का एक साल पूरा होने पर सीएम योगी ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑपरेशन सिंदूर का एक साल पूरा होने पर देश की जनता को बधाई देते हुए भारत के सशस्त्र बलों की सराहना की। सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में योगी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर एकता, अदम्य इच्छाशक्ति और असाधारण शौर्य को दर्शाता है, साथ ही यह देश की स्पष्ट राष्ट्रीय सुरक्षा नीति को भी प्रदर्शित करता है।

सात मई 2025 को भारत ने लिया था पहलगाम हमले का बदला
सात मई की तारीख इतिहास में अपनी एक खास जगह रखती है। साल 2025 में सात मई को भारत ने दुनिया को दिखा दिया कि वह आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं करेगा। सात मई 2025 को भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए कठोर जवाबी कार्रवाई के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी समूहों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के गढ़ सहित नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button