Satyapal Malik: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक नहीं रहे, कई नेताओं ने जताया दुख

Satyapal Malik Death: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। मलिक के निजी स्टाफ ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दिल्ली में बुधवार का मलिक का अंतिम संस्कार होगा। पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है। अनुभवी नेता सत्यपाल मलिक का पांच दशक लंबा राजनीतिक करियर कई राजनीतिक दलों से गुजरा और वह इस दौरान कई उच्च-स्तरीय संवैधानिक पदों पर भी रहे जिसके बाद वह उसी सत्ता प्रतिष्ठान के मुखर आलोचक बन गए जिसकी उन्होंने सेवा की थी।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व सांसद एवं पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर शोक व्यक्त किया।
सत्यपाल मलिक के गांव में शोक
सत्यपाल मलिक के निधन से उनके गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने कहा कि हमने जमीन से जुड़ा नेता खो दिया है।
ममता, नीतीश, नायब व हुड्डा समेत कई नेताओं ने शोक जताया
सत्यपाल मलिक के निधन पर पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्रियों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और अन्य कई नेताओं ने शोक जताया।
सत्यपाल मलिक ने सत्ता को सच का आईना दिखाया था: मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सत्यपाल मलिक के निधन पर दुख जताया और कहा कि वह आखिरी समय तक बेबाकी और निडरता से सत्ता को सच का आईना दिखाते रहे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और सपा व बसपा प्रमुखों ने शोक जताया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने सत्यपाल मलिक के निधन शोक जताया। योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को सद्गति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ओम शांति। मलिक के निधन पर देश में शोक की लहर है। कई नेताओं ने शोक जताया है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



