देश-दुनिया

Vaishno Devi Landslide: माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन से पांच लोगों की मौत, अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से की बात

Katra Landslide: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश की वजह से रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर मंगलवार अपराह्न भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, कई लोगों के मलबे में दबे होने की भी आशंका है।

अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री से बात कर वैष्णो देवी के पास भूस्खलन की ली जानकारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की और माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर हुए भूस्खलन से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली।

उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय गृह मंत्री से बात की, जम्मू में बाढ़ की स्थिति से अवगत कराया
उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और उन्हें जम्मू क्षेत्र में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बारे में जानकारी दी। क्षेत्र में बाढ़ आने से काफी नुकसान है। उमर अब्दुल्ला ने अपने एक्स पर पोस्ट किया, अमित शाह से फोन पर बात की और उन्हें जम्मू-कश्मीर, खासकर जम्मू क्षेत्र के हालात के बारे में जानकारी दी, जहां भारी और लगातार बारिश से बहुत नुकसान हुआ है और जन जीवन बाधित हुआ है।

उमर अब्दुल्ला ने जम्मू में स्थिति गंभीर, बाढ़ से निपटने के उपायों की समीक्षा की
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि भारी बारिश के बाद जम्मू के विभिन्न हिस्सों में स्थिति “काफी गंभीर” है और उन्होंने प्रशासन को हाई अलर्ट बनाए रखने का निर्देश दिया। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उन्होंने जम्मू संभाग में बाढ़ जैसी स्थिति की समीक्षा के लिए एक आपातकालीन बैठक की अध्यक्षता की।

जम्मू क्षेत्र में भारी बारिश से रेल यातायात बाधित, 18 ट्रेन रद्द
जम्मू क्षेत्र में भारी बारिश के कारण उत्तर रेलवे ने कटरा, उधमपुर और जम्मू रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाली 18 ट्रेनों को रद्द कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जम्मू क्षेत्र में सोमवार रात से लगातार हो रही बारिश को दशकों में सबसे भारी बारिश बताया जा रहा है, जिससे पुल क्षतिग्रस्त हो गए, सड़क संपर्क मार्ग बाधित हो गया और बड़ा भूभाग जलमग्न हो गया।

कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में बारिश से नदियां और नाले उफान पर
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई, जिससे नदियां व नाले उफना गए और प्राधिकारियों ने लोगों से पहाड़ी ढलानों और जलाशयों के आसपास जाने से परहेज करने का आग्रह किया। अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम की बेताब घाटी में शेषनाग नाले का जलस्तर अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर 5.68 फीट को पार कर गया है और 6.02 फीट पर बह रहा है। इस नाले का बाढ़ चेतावनी स्तर 4.59 फीट है, जबकि खतरे का निशान 5.09 फीट है। भारी बारिश से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button