UP Crime: इलाज के लिए दी बच्ची की बलि, दंपत्ति गिरफ्तार, कुबूला जुर्म

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस ने बीमारियों के इलाज के लिए एक तांत्रिक की सलाह पर अपनी ही एक महीने की बच्ची की बलि देने के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) आदित्य बंसल ने बृहस्पतिवार को बताया कि गोपाल कश्यप और उसकी पत्नी ममता को बुधवार रात भोपा थाना क्षेत्र के बेलदा गांव में अपनी ही बच्ची की हत्या के मामले में हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए अपनी बच्ची की हत्या का जुर्म कुबूल कर लिया।
गोंडा में दो समुदायों के बीच संघर्ष में कई लोग चोटिल, मुकदमा दर्ज
गोंडा जिले के छपिया क्षेत्र में एक दुर्गा प्रतिमा स्थल के पास पटाखे जलाने को लेकर दो समुदायों के लोगों के बीच हुई हिंसक झड़प में कई लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। छपिया के थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बृहस्पतिवार को बताया कि मसकनवा कस्बे में बुधवार देर रात दुर्गा प्रतिमा की स्थापना के बाद आतिशबाजी को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। इसे लेकर हुई हिंसक झड़प में कई लोगों को चोंटें आईं। इस मामले में अभियोग दर्ज किया गया है।
महराजगंज में किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की कैद
महराजगंज की एक अदालत ने एक किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता विजय नारायण सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) विनय कुमार सिंह ने बुधवार को जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में 14 साल की एक लड़की से दुष्कर्म के आरोपी मनोज शर्मा को दोषी ठहराया और उसे 10 साल के सश्रम कारावास और सात हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
बम की अफवाह के बाद उप्र के टूंडला में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस तीन घंटे से अधिक समय तक रुकी रही
रेलवे अधिकारियों को पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में कुछ संदिग्ध आतंकियों के विस्फोटकों के साथ यात्रा करने की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश के टूंडला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को तीन घंटे से अधिक समय तक रोके रखा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘एक्स’ उपयोगकर्ता से मिली सूचना गलत निकली, क्योंकि देर रात ढाई बजे से सुबह छह बजे तक की गई गहन जांच के बाद कुछ भी ‘‘संदिग्ध’’ नहीं मिला। (भाषा)



