क्राइम

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पत्नी के अवैध संबंध के संदेह में पति ने कार में किया विस्फोट, गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दुर्ग जिले में पत्नी के अवैध संबंध के संदेह में पति ने उसके कथित प्रेमी को डराने के लिए कार में विस्फोट कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पति को गिरफ्तार कर लिया गया। पति ने कार में विस्फोट करने के लिए यूट्यूब देखकर बच्चों के खिलौने वाले रिमोट और पटाखों का इस्तेमाल किया था।

विस्फोट में क्षतिग्रस्त
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के भिलाई में मंगलवार को रियल स्टेट कारोबारी संजय बुंदेला की कार को बम से क्षतिग्रस्त करने के आरोप में पुलिस ने देवेन्द्र सिंह नाम के व्यक्ति को बुधवार को गिरफ्तार किया। मंगलवार को भिलाई के संजय बुंदेला ने सुपेला थाने को सूचना दी कि शहर के इंदू आईटीआई के करीब उसका कार्यालय है। संजय ने बताया कि कार्यालय के सामने उसकी डस्टर कार खड़ी थी, जिसमें शाम लगभग छह बजे विस्फोट हुआ और कार क्षतिग्रस्त हो गई। बुंदेला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली तथा कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के संबंध में जानकारी एकत्र की।

ऐसे कबूला गुनाह
सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान संदिग्ध का हुलिया बुंदेला के कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रबंधक के पति देवेंद्र सिंह से मिलता-जुलता पाया गया। इसके बाद पुलिस ने देवेंद्र सिंह से पूछताछ की और जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तब उसने अपना गुनाह कबूल लिया। देवेंद्र ने पुलिस को जानकारी दी कि उसे बुंदेला और अपनी पत्नी के बीच अवैध संबंध को लेकर संदेह था तथा इस संदेह की पुष्टि करने के लिए देवेंद्र ने अपनी पत्नी के फोन पर एक ऐप डाउनलोड भी किया था। जब देवेंद्र को अपनी पत्नी और बुंदेला के बीच अवैध संबंध की पुष्टि हुई तब उसने बुंदेला को डराने के लिए उसकी कार में विस्फोट कर दिया।देवेंद्र पेशे से इंजीनियर है। पुलिस ने देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button