राजनीति

Delhi Budget: दिल्ली सरकार ने 2026-27 के लिए पेश किया 1,03,700 करोड़ रुपये का बजट, जानें-किसे क्या मिला; आप ने साधा निशाना

Delhi Budget 2026-27: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए करीब 1,03,700 करोड़ रुपये का बजट मंगलवार को पेश किया। मुख्यमंत्री ने इसे हरित बजट करार दिया और कहा कि शहर इस समय बदलाव के दौर से गुजर रहा है। रेखा गुप्ता ने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार के साथ राष्ट्रीय राजधानी तेजी से प्रगति कर रही है। इस साल 750 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे। महिलाओं के आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य के लिए 7400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही, 1,000 महिलाओं और 100 ट्रांसजेंडर्स को रोजगार के लिए ई-ऑटो परमिट की व्यवस्था की गई है।वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के बजट पर निशाना साधा है।

बजट का 12.5 फीसदी स्वास्थ्य के लिए आवंटित
दिल्ली सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-2027 के अपने बजट का तकरीबन साढ़े 12 फीसदी हिस्सा स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र के लिए आवंटित किया है जो 13,034 करोड़ रुपये है। सरकार ने नवजात शिशुओं के लिए मुफ्त आनुवंशिक परीक्षण का प्रावधान, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का विस्तार, पीएम-जेएवाई योजना के तहत ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को शामिल करने और बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए अवसंरचना बढ़ावा देने पर ध्यान दिया है।

स्थानीय निकायों के लिए आवंटन में 65 प्रतिशत की बढ़ोतरी
दिल्ली सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में विकसित और हरित दिल्ली के लक्ष्य के तहत स्थानीय निकायों के लिए 11,412 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने बजट भाषण में कहा कि सरकार ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के लिए 11,266 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं, जबकि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एमडीएमसी) और दिल्ली छावनी बोर्ड (डीसीबी) के लिए कुल 146 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का प्रस्ताव किया गया है।

हवा में झूलती बिजली की तारों को भूमिगत करने के लिए 200 करोड़ रुपये
दिल्ली सरकार के पेश वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में बिजली विभाग के लिए 3,942 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसमें बिजली सब्सिडी के लिए 3,500 करोड़ रुपये और हवा में झूलती बिजली की तारों को भूमिगत करने (जमीन के नीचे बिछाने) के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान शामिल है।


जानें, दिल्ली के बजट पर आप ने क्या कहा
आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि बीजेपी की फर्जीवाड़ा सरकार ने अपना फर्जी बजट पेश किया है। बीजेपी सरकार ने पिछले साल भी एक लाख करोड़ के बजट का दावा किया था लेकिन वह पैसा खर्च कहां हुआ, उसका कोई हिसाब नहीं है। एक तरफ अरविंद केजरीवाल 75 हजार करोड़ का बजट पास करते थे और दिल्ली में सैकड़ों मोहल्ला क्लीनिक, सरकारी स्कूल और अस्पताल बन गए। लोगों को मुफ्त बिजली और पानी मिल रहा था और हज़ारों लोगों को नौकरियां मिलीं। लेकिन इन्होंने मोहल्ला क्लीनिक बंद किए, लोगों को नौकरियों से निकाल दिया, हजारों पेंशन बंद कर दीं तो एक लाख करोड़ गए कहा? एक लाख करोड़ के बजट का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार दमकल विभाग को 30 फिट की सीढ़ी नहीं दे सकी, जिससे लोगों को बचाया जा सके। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button