Jaipur Fire Accident: जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई वाहनों में आग लगी, सात लोगों की मौत; पीएम मोदी ने जताया दुख

राजस्थान (Rajasthan) में जयपुर में जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण हादसे के कारण ट्रक तथा बस सहित कई वाहनों में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसेफ ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है।
अस्पताल पहुंचे सीएम, कहा, घटना की जांच कराएंगे
घटनास्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बहुत ही दर्दनाक घटना है। मैं अस्पताल जाकर आया हूं। मैंने वहां उचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं। हम घटना की विस्तृत जांच करवाएंगे। घायलों के इलाज की व्यवस्था करेंगे। ऐसे हादसों को किस तरह से रोका जाए, इस पर भी सरकार निश्चित रूप से विचार करेगी। प्रशासन पूरी तरह से बचाव कार्य में लगा हुआ है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, जिलाधिकारी जितेंद्र सोनी तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
तीस वाहनों के जलने की सूचना
अधिकारियों के बताया कि यह हादसा भांकरोटा के पास जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ जब गैस आदि से भरा एक ट्रक दूसरे ट्रकों से टकरा गया। ट्रक में लगी आग ने राष्ट्रीय राजमार्ग के कई ट्रकों व अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में तीस वाहनों के जलने की सूचना है। घायलों को सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती करवाया गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इससे पहले अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस टैंकर में आग लगने की घटना में नागरिकों के हताहत होने का दुखद समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। घटना की सूचना मिलते ही एसएमएस अस्पताल जाकर चिकित्सकों को तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं घायलों की समुचित देखभाल के लिए निर्देशित किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रशासन द्वारा बचाव कार्य निरंतर जारी है। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं पूरी तत्परता से कार्यरत हैं। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर भी एसएमएस अस्पताल पहुंचे।
आग ने कई ट्रकों को अपनी चपेट में लिया
इससे पहले भांकरोटा थाना के प्रभारी मनीष गुप्ता ने बताया कि आग ने कई ट्रकों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रकों की सटीक संख्या अभी पता नहीं चल पाई है। कई लोग झुलस गए हैं, जिन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया है। यह घटना पेट्रोल पंप के सामने हुई और मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं तथा आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। एहतियातन राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है, जिससे जाम लग गया है।
पीएम मोदी ने जयपुर सड़क हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया, अनुग्रह राशि की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शुक्रवार को राजस्थान के जयपुर के निकट एक सड़क हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की। जयपुर के पास शुक्रवार अलसुबह एलपीजी टैंकर को एक ट्रक द्वारा टक्कर मारे जाने के बाद लगी आग ने 30 से अधिक वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और इस दुर्घटना में सात लोग जिंदा जल गए तथा 35 अन्य झुलस गए। (भाषा)



