Delhi Assembly Election 2025: आप ने जारी की 38 उम्मीदवारों की सूची, केजरीवाल नई दिल्ली से और आतिशी कालकाजी से लड़ेंगी चुनाव

Delhi Assembly Election: आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 38 उम्मीदवारों के नामों की अपनी अंतिम सूची जारी कर दी। दिल्ली में फरवरी में चुनाव होने की उम्मीद है।
अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से और आतिषी कालकाजी से लड़ेंगी चुनाव
इस सूची के मुताबिक पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री आतिशी एक बार फिर कालकाजी से चुनाव मैदान में होंगी।

जानें, कौन कहां से लड़ेगा चुनाव
राष्ट्रीय राजधानी में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने वरिष्ठ नेताओं को उनके ही निर्वाचन क्षेत्रों से उम्मीदवार बनाया है। मंत्री सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, इमरान हुसैन, रघुविंदर शौकीन और मुकेश कुमार अहलावत क्रमशः ग्रेटर कैलाश, बाबरपुर, बल्लीमारान, नांगलोई जाट और सुल्तानपुर माजरा से चुनाव लड़ेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर साधा निशाना
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा है कि आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। पार्टी पूरे आत्मविश्वास और पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ रही है। बीजेपी गायब है, उनके पास ना सीएम चेहरा है, ना टीम है, ना प्लानिंग है और ना दिल्ली के लिए कोई विजन है, उनका केवल एक ही नारा है, केवल एक ही नीति है और केवल एक ही मिशन है – केजरीवाल हटाओ। उनसे पूछो पांच साल क्या किया, तो वो जवाब देते हैं केजरीवाल को खूब गाली दी, हमारी पार्टी के पास दिल्ली वालों के विकास के लिए विजन है, प्लान है और उसे लागू करने के लिए पढ़े-लिखे लोगों की एक अच्छी टीम है। पिछले दस साल में किए कामों की लंबी लिस्ट है। दिल्ली वाले काम करने वालों को वोट देंगे, ना कि गाली देने वालों को। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



