Supreme Court: पहली नजर में आप भ्रष्ट व्यक्ति हैं, सुप्रीम कोर्ट ने बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी से कहा

Supreme Court News: उच्चतम न्यायालय ने कथित तौर पर नौकरी देने के बदले नकदी लेने के मामले में गिरफ्तार पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी से बुधवार को कहा कि पहली नजर में आप भ्रष्ट व्यक्ति हैं। आपके परिसरों से करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं। न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति उज्ज्ल भुइयां की पीठ ने चटर्जी की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रखते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से उनके लगातार जेल में रहने पर सवाल उठाया और कहा कि उन्हें अनिश्चित काल तक कारागार में नहीं रखा जा सकता।
सर्दियों में बेघर व्यक्तियों के आश्रय के लिए किये गए उपायों की जानकारी दें राज्य
उच्चतम न्यायालय ने सर्दियों के मद्देनजर बेघर व्यक्तियों के लिए उपलब्ध आश्रय सुविधाओं के बारे में राज्यों को विस्तृत रिपोर्ट देने का बुधवार को निर्देश दिया। न्यायमूर्ति बीआर गवई और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की पीठ ने कहा कि राज्य सरकारों को इन विवरणों को निर्दिष्ट करते हुए दो सप्ताह के भीतर अपने हलफनामे दाखिल करने चाहिए।
अगर पुरुषों को भी मासिक धर्म से गुजरना पड़े तो क्या हो
उच्चतम न्यायालय ने प्रदर्शन के आधार पर राज्य की एक महिला न्यायाधीश को बर्खास्त करने और गर्भ गिरने के कारण उसे हुई पीड़ा पर विचार न करने के लिए मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय से नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर पुरुषों को भी मासिक धर्म से गुजरना पड़े तो क्या हो। न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना और न्यायामूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह ने दीवानी न्यायधीशों की बर्खास्तगी के आधार के बारे में उच्च न्यायालय से स्पष्टीकरण मांगा।
राजनीति में अनावश्यक टिप्पणी के लिए तैयार रहें
उच्चतम न्यायालय ने केंद्रीय मंत्री एल.मुरुगन की मानहानि की याचिका पर बुधवार को सुनवाई करते हुए कहा कि व्यक्ति को राजनीति में प्रवेश करने पर सभी तरह की अवांछित और अनावश्यक टिप्पणियों के लिए तैयार रहना चाहिए। मुरुगन द्वारा दिसंबर, 2020 में एक संवाददाता सम्मेलन में कथित मानहानि करने वाले बयानों के खिलाफ चेन्नई स्थित मुरासोली ट्रस्ट ने आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। (भाषा)



