Sambhal Violence: संभल हिंसा पर अखिलेश यादव बोले, सोची-समझी साजिश; राहुल गांधी बुधवार को करेंगे संभल का दौरा

Sambhal News: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के संभल में पिछले दिनों हुई हिंसा को ‘सोची-समझी साजिश’ करार देते हुए मंगलवार को लोकसभा में मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को निलंबित किया जाए और उन पर हत्या का मुकदमा चलाया जाए।
अखिलेश यादव ने कही ये बात
कन्नौज से सपा सांसद अखिलेश यादव ने निचले सदन में शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कहा कि संभल में पिछले दिनों अचानक हुई हिंसा की घटना को सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया। संभल में सालों से लोग भाईचारे से रहते आए हैं। इस घटना से इस भाईचारे को ‘गोली मारने’ का काम किया गया।
संभल मामले को लेकर विपक्षी दलों के सदस्यों ने लोकसभा से किया वॉकआउट
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत लगभग समूचे विपक्ष ने उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हालिया हिंसा को लेकर मंगलवार को कुछ देर के लिए सदन से बहिर्गमन किया।
राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के कांग्रेस सांसदों के साथ बुधवार को करेंगे संभल का दौरा
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के कांग्रेस सांसदों के साथ बुधवार को संभल का दौरा करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राय ने बताया कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी राहुल के साथ संभल का दौरा कर सकती हैं।
सपा ने राज्यसभा में उठाया संभल में हिंसा का मामला, किया बहिर्गमन
समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को राज्यसभा में उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा का मुद्दा उठाया और दावा किया कि विधानसभा उपचुनाव के दौरान हुई ‘चुनावी गड़बड़ियों’ से ध्यान भटकाने के लिए हिंसा को ‘योजनाबद्ध तरीके’ से अंजाम दिया गया। (भाषा)



