देश-दुनिया

India-US: जानें, अमेरिका के भारत पर घोषित शुल्क का भारतीय व्यवसायों पर क्या होगा प्रभाव, किसने-क्या कहा?

अमेरिका (America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयातित वस्तुओं पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क और जुर्माना लगाने की बुधवार को घोषणा कर दी है। यह शुल्क एक अगस्त से लागू होगा। रूस से कच्चा तेल और सैन्य उपकरण खरीदने पर भारत पर यह अनिर्दिष्ट जुर्माना लगाया गया है।

बाजार में बढ़ सकती है अस्थिरता
ट्रंप के इस फैसले से न केवल भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में तनाव आएगा, बल्कि भारतीय निर्यातकों को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। इससे भारतीय बाजार में अस्थिरता बढ़ सकती है और निवेशकों का विश्वास कमजोर हो सकता है।

शेयर बाजार में भी हो सकती है गिरावट
विशेषज्ञों के अनुसार, जिन कंपनियों की अमेरिकी बाजार पर निर्भरता ज्यादा है, जैसे ऑटो, फार्मा और स्टील सेक्टर की कंपनियां, उन्हें सबसे ज्यादा नुकसान हो सकता है। इससे शेयर बाजार में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।

भारत, रूस अपनी मृत अर्थव्यवस्थाओं को एक साथ गर्त में ले जा सकते हैंः डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने फिर भारत और रूस के करीबी संबंधों को लेकर उन पर तीखा प्रहार किया और कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि न्यू इंडिया, मॉस्को के साथ क्या करता है। ट्रंप ने भारत से आयात पर 25 प्रतिशत का शुल्क (टैरिफ) लगाने की घोषणा करने के कुछ घंटों बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और रूस अपनी मृत अर्थव्यवस्थाओं को एक साथ गर्त में ले जा सकते हैं और उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।

प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के अलावा सबको पता है कि भारत एक बर्बाद अर्थव्यवस्था है: राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को छोड़कर सब जानते हैं कि भारत एक डेड इकोनॉमी (बर्बाद अर्थव्यवस्था) है तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यह स्थिति पैदा की है। उन्होंने यह दावा भी किया कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता ट्रंप की शर्तों पर होगा और प्रधानमंत्री मोदी वही करेंगे, जो अमेरिकी राष्ट्रपति कहेंगे।

अमेरिकी शुल्क मामले पर हम देश के साथ, क्या प्रधानमंत्री ट्रंप के आरोपों पर चुप रहेंगे : मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को कहा कि भारत की सामरिक स्वायात्तता पर हमला किया गया है और मुख्य विपक्षी दल देश के साथ खड़ा है। उन्होंने यह सवाल भी किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन आरोपों पर चुप रहेंगे जो ट्रंप ने भारत के खिलाफ लगाए हैं? हालांकि अभी तक भारत ने इस मामले पर कुछ नहीं कहा है। अब सबकी नजर इस ओर है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button