राजनीति

Sugar Price Hike: मल्लिकार्जुन खरगे बोले-देश में चीनी का भंडार नौ साल के निचले स्तर पर, ई20नीति की समीक्षा क्यों नहीं हो रही

Mallikarjun Kharge: चीनी की कीमत में बढ़ोतरी पर राजनीति गरमाने लगी है। देश के विभिन्न राज्यों में चीनी की कीमत 65 से 70 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने त्योहारों से पहले चीनी की कीमत में बढ़ोतरी और देश में चीनी का भंडार कथित तौर पर कम होने को लेकर केंद्र सरकार पर शनिवार को निशाना साधा। खरगे ने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में भी पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई20) की नीति की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि त्योहारों से पहले चीनी की मिठास में मोदी सरकार की नीतियों की कड़वाहट घुल गई है। मोदी सरकार से तीन सवाल पूछे। पहला सवाल दुनिया के बड़े चीनी उत्पादक और निर्यातक भारत में आज चीनी का स्टॉक नौ साल के निचले स्तर पर क्यों है? नौबत निर्यात रोकने और 10 लाख टन चीनी ड्यूटी फ्री आयात करने तक कैसे पहुंच गई? दूसरा सवाल तीन महीने में चीनी करीब 40 प्रतिशत महंगी हो गई। त्योहारों से पहले जनता पर पड़ी इस महंगाई की मार का जिम्मेदार कौन है? तीसरा सवाल जब देश में चीनी की कमी है और सरकार विदेश से चीनी मंगा रही है, तो गन्ने और अनाज को ई 20 के लिए एथनाल बनाने में झोंकने की नीति की समीक्षा क्यों नहीं हो रही?खरगे ने कहा कि ये कैसा आत्मनिर्भर भारत है? पहले चीनी का उत्पादन घटा, फिर स्टॉक नौ साल के निचले स्तर पर पहुंचा, अब विदेश से चीनी आयात कर रहे हैं और दूसरी तरफ गन्ने को पेट्रोल में मिलाने के लिए एथनाल में झोंक रहे हैं।

सरकार ने कहा-चीनी की कीमत बढ़ने का एथनॉल उत्पादन से संबंध नहीं, उद्योग ने बढ़ाए दाम
सरकार ने शुक्रवार को इस दावे को खारिज कर दिया कि एथनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल से इसकी कीमतों में तेज वृद्धि हो रही है। सरकार ने कहा कि घरेलू मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त भंडार होने के बावजूद चीनी उद्योग ने कीमतें बढ़ाई हैं। इसके साथ ही सरकार ने चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ राज्यों को कार्रवाई करने और चीनी मिलों में इस साल 15 अक्टूबर के आसपास पेराई शुरू कराने की तैयारी करने को कहा है।

पश्चिम बंगाल में चीनी के दाम 70 रुपये किलोग्राम तक पहुंचे
पश्चिम बंगाल में त्योहारों के मद्देनजर खुदरा बाजार में चीनी के दाम बढ़कर 70 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं। कारोबारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में चीनी के दाम में 20 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है, जबकि पिछले चार-पांच दिन में ही कीमतों में अचानक 10 प्रतिशत का उछाल आया है। चीनी से बने उत्पादों जैसे गुड़, बताशा और नकुलदाना के दाम में भी इसी तरह की बढ़ोतरी हुई है। देशभर में चीनी के दाम बढ़ गए हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button