Delhi Crime: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में महिला की हत्या, लिव इन पार्टनर पर संदेह
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में 25 वर्षीय एक महिला की उसके लिव इन पार्टनर ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उसे शनिवार रात 11 बजे फोन पर घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।
जानें, क्या है मामला
पुलिस ने बताया कि महिला को उसके भाई गोलू ने फंदे से लटका हुआ देखा। गोलू उसके साथ ही रहता था। पुलिस के अनुसार, शव का शवगृह में निरीक्षण किया गया और उस पर कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई, लेकिन गले पर छोटे निशान दिखाई दिए। महिला के पति की बीमारी के कारण मौत हो गई थी और पिछले चार महीने से वह ऑटोरिक्शा चालक अनार सिंह के साथ रह रही थी। पुलिस ने कहा कि सिंह पर महिला की हत्या करने का संदेह है। उसका (महिला) छोटा भाई गोलू भी उसके साथ रहता था। गोलू ने उसे स्नानगृह में फंदे से लटके हुए देखा और वह अनार सिंह के साथ उसे जीटीबी अस्पताल ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। (भाषा)



