UP Politics: मायावती बोलीं, भाजपा और कांग्रेस एक ही थाली के चट्टे-बट्टे, खतरा घटा नहीं बल्कि बढ़ा

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि देश के करोड़ों शोषित व उपेक्षित दलितों के आरक्षण विरोधी तथा उनकी आपसी एकता की दुश्मन जातिवादी पार्टियों द्वारा आरक्षण में कोटे के बंटवारे के प्रति सक्रियता से यह साबित है कि भाजपा व कांग्रेस एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं तथा उनसे समाज व संविधान को खतरा घटा नहीं बल्कि बढ़ा है।
कहा, आरक्षण को निष्क्रिय व निष्प्रभावी बनाने के षडयंत्र का नया प्रयास
मायावती ने लिखा है कि हरियाणा की भाजपा सरकार के बाद अब तेलंगाना व कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा भी दलितों को बांटने के लिए उनके आरक्षण के भीतर आरक्षण की नई व्यवस्था को आपाधापी में लागू करने का फैसला वास्तव में आरक्षण को निष्क्रिय व निष्प्रभावी बनाने के इनके जारी षडयंत्र का नया प्रयास है।
भाजपा, कांग्रेस व सपा से रहें सावधान
मायावती के मुताबिक, एससी, एसटी व अन्य उपेक्षितों की राजनीतिक शक्ति को खतरा मानने वाली भाजपा, कांग्रेस व सपा जैसी जातिवादी पार्टियों के विभाजनकारी इरादों व इनके साम, दाम, दंड, भेद आदि हथकंडों से भी अति-सावधानी जरूरी ताकि बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर का कारवां कमजोर ना होकर मजबूत बना रहे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



