UP News: पुलिस हिरासत में जान गंवाने वाले मोहित पांडेय के परिजनों ने योगी से की मुलाकात

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की राजधानी लखनऊ (Lucknow) के चिनहट थाने में हिरासत में व्यापारी मोहित पांडेय की मौत के बाद उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा, आवास, बच्चों की निःशुल्क शिक्षा और सरकार की योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया। जैनाबाद निवासी मोहित कुमार पांडेय (30) को पुलिस ने शनिवार को एक मामले में हिरासत में लिया था, जिसके बाद उसी दिन हिरासत में ही उनकी तबीयत खराब हो गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दोषियों के खिलाफ कड़ी होगी कार्रवाई
सोमवार को यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि पुलिस हिरासत में कारोबारी मोहित पांडेय की मौत के बाद सोमवार को उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और अपना दर्द बयां किया। इस मुलाकात के दौरान बख्शी का तालाब क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक योगेश कुमार शुक्ल, पार्षद शैलेंद्र वर्मा भी मौजूद रहे। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये मुआवजा, आवास, बच्चों की निःशुल्क शिक्षा तथा सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर सोमवार सुबह मोहित पांडेय की मां तपेश्वरी देवी, पत्नी और बच्चे पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी पीड़ा बयां की। बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के उपरांत कारोबारी के परिजन संतुष्ट दिखे। मोहित की मां तपेश्वरी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर हम संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होगी। जांच के उपरांत जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
इस घटना के बाद भाजपा सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई है और प्रमुख नेताओं ने सरकार की आलोचना की। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा उत्तर प्रदेश की राजधानी में पिछले 16 दिन में पुलिस हिरासत में मौत (हत्या पढ़ा जाए) का दूसरा समाचार मिला है। नाम बदलने में माहिर सरकार को अब ‘पुलिस हिरासत’ का नाम बदलकर ‘अत्याचार गृह’ रख देना चाहिए। पीड़ित परिवार की हर मांग पूरी की जाए, हम उनके साथ हैं।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने पुलिस पर कसा तंज
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस घटना को लेकर पुलिस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के जंगलराज में पुलिस क्रूरता का पर्याय बन चुकी है। प्रियंका ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लखनऊ में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया और अगली सुबह एक की मौत हो गई। एक पखवाड़े में उत्तर प्रदेश पुलिस की हिरासत में यह दूसरी मौत है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनके बेटे की हत्या कर दी। उत्तर प्रदेश, हिरासत में होने वाली मौतों के मामले में पूरे देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में भाजपा ने ऐसा जंगलराज कायम किया है, जहां पुलिस क्रूरता का पर्याय बन चुकी है। जहां कानून के रखवाले ही जान ले रहे हों, वहां जनता न्याय की उम्मीद किससे करे?
मायावती ने भी घटना की निंदा की
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भी इस घटना को लेकर ‘एक्स’ पर पोस्ट लिखा कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस हिरासत में व्यापारी मोहित पांडेय की कथित तौर पर हुई मौत की घटना पर परिवार तथा लोगों में रोष व्याप्त होना स्वाभाविक है। यह घटना अति निंदनीय है। सरकार पीड़ित परिवार को न्याय देने के लिए प्रभावी कदम अवश्य उठाए। इससे पहले, 11 अक्टूबर को लखनऊ में एक जुआ अड्डे पर छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए 24 वर्षीय अमन गौतम की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। गौतम के परिजनों ने पुलिस पर उसे पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगाया था।
जानें, क्या है मामला
अधिकारियों के अनुसार, जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर 11 अक्टूबर की रात को पुलिसकर्मियों की एक टीम ने विकास नगर के सेक्टर-आठ में आंबेडकर पार्क पर छापा मारा था। पुलिस ने अमन गौतम समेत दो लोगों को हिरासत में लिया था।
नोएडा में सेवानिवृत्त उप निरीक्षक होटल की तीसरी मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरे, मौत
नोएडा में सेक्टर 58 थाना क्षेत्र के सेक्टर 56 स्थित एक होटल में ठहरे उत्तर प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक की रविवार तड़के होटल की तीसरी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानें, क्या है मामला
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि जनपद भदोही के गांव बनकट ओपेरा निवासी जसवंत यादव यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक थे। स्वैच्छिक सेवानिवृत्त लेने के बाद वे ग्राम प्रधान बने। 28 नवंबर को उनके बेटे की गांव में शादी है। वे शादी की तैयारी में लगे हुए थे। उन्होंने कुछ दिन पहले एक स्कॉर्पियो कार खरीदी थी। स्कॉर्पियो कार को मॉडिफाई कराने के लिए वह अपने भतीजे अभिनव व जयप्रकाश के साथ नोएडा आए थे। तीनों शनिवार को सेक्टर-56 स्थित होटल सिल्वर इन में ठहरे। रविवार को रिटायर्ड उपनिरीक्षक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम पहुंची। घटना की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह घटना होटल की बालकनी से असंतुलित होकर नीचे गिरने से हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मुजफ्फरनगर के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मुजफ्फरनगर जिले के सिखेड़ा में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छठी कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संदीप कुमार ने बताया कि रविवार को हुए इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। (भाषा)



