Cyclone: चक्रवात की आशंका, ओडिशा के 14 जिलों में स्कूल व कॉलेज बंद रहेंगे, बंगाल व झारखंड में भी भारी बारिश की संभावना

ओडिशा (Odisha) में संभावित चक्रवाती तूफान (Cyclone) के मद्देनजर राज्य के 14 जिलों में 23 से 25 अक्टूबर तक स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र मंगलवार सुबह गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर पूर्वी तट की तरफ बढ़ गया और इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।
ओडिशा में चक्रवाती तूफान से प्रभावित लोगों के लिए 800 आश्रय स्थल बनकर तैयार
बंगाल (Bengal) की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के मंगलवार को अवदाब में तब्दील होने और पूर्वी तट की ओर बढ़ने के साथ ही इसके एक तेज चक्रवाती तूफान का रूप लेने की पूरी संभावना है। ओडिशा सरकार ने संवेदनशील इलाकों से बाहर निकाले जाने वाले लोगों के लिए करीब 800 आश्रय स्थल तैयार किए हैं। ओडिशा के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने मंगलवार को बताया कि अधिकारियों ने अब तक 250 चक्रवात राहत केंद्र बनकर तैयार हैं।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अवदाब में तब्दील, चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र मंगलवार सुबह गहरे अवदाब में तब्दील होकर पूर्वी तट की तरफ बढ़ गया और इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।आईएमडी महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि ओडिशा को आसन्न चक्रवात का सामना करना पड़ेगा।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान से दक्षिण बंगाल में भारी बारिश होने का अनुमान : मौसम विभाग
पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना है जिसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होकर 24 अक्टूबर की रात को पुरी और सागर द्वीपों के बीच ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर पहुंचने का अनुमान है, तथा इस दौरान हवा की गति 100-110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को दी। विभाग ने कहा कि इस तूफान के कारण 23 से 25 अक्टूबर तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
चक्रवाती तूफान के कारण 24-25 अक्टूबर को झारखंड में बारिश होने की संभावना
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने वाले चक्रवाती तूफान के कारण 24 और 25 अक्टूबर को झारखंड (Jharkhand) के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुछ भागों (मुख्य रूप से झारखंड के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र) में 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। (भाषा)



