CJP March: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए, किया लाठीचार्ज

CJP Protest : कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संसद मार्च में सोमवार को शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाने की कोशिश में कई प्रदर्शनकारियों ने शास्त्री भवन के पास सुरक्षा अवरोधकों को तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। सूत्रों ने यह जानकारी दी। यह कार्रवाई उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में तनाव बढ़ने के बीच हुई।

प्रदर्शनकारियों के अवरोधक लांघने की कोशिश करने पर सुरक्षा बलों ने किया लाठीचार्ज
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के हजारों प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को संसद की ओर मार्च के दौरान सुरक्षा अवरोधकों को कथित तौर लांघने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने संसद मार्ग के पास लाठीचार्ज किया। सूत्रों के अनुसार, पूर्वाह्न 11 बजकर 25 मिनट पर प्रदर्शनकारियों ने उच्च सुरक्षा क्षेत्र में लगाए गए कई अवरोधक हटाने और उन्हें लांघने का प्रयास किया।

कॉजपा के संसद चलो मार्च के आह्वान के बीच भारी सुरक्षा के बावजूद जंतर-मंतर पर हजारों लोग इकट्ठा हुए
मध्य दिल्ली में भारी बारिश और अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद सोमवार सुबह हजारों प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर एकत्र हुए। ये प्रदर्शनकारी कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर जवाबदेही की मांग करते हुए उसके प्रस्तावित संसद चलो मार्च के समर्थन में जमा हुए थे। दिल्ली पुलिस ने संसद की ओर जाने वाली कई सड़कों को सील कर दिया, जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल को चारों तरफ से बंद कर दिया और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी, जबकि जनपथ, पटेल चौक, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन सुरक्षा उपायों के तहत बंद रहे। (भाषा)



