देश-दुनिया

Ratan Tata Passes Away: बहुत याद आएंगे रतन टाटा, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने शोक जताया

टाटा समूह के मानद चेयरमैन और दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा (Ratan Tata) का बुधवार देर रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा का दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में रात साढ़े 11 बजे निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि उद्योगपति रतन टाटा का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। टाटा के परिवार ने एक बयान में कहा, ‘‘हम – उनके भाई, बहन और परिवार, उन सभी लोगों से मिले प्यार और सम्मान से सांत्वना और सुकून पाते हैं, जो उनका सम्मान करते थे। हालांकि, अब रतन टाटा व्यक्तिगत रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी विनम्रता, उदारता और उद्देश्य की विरासत भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।’’

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने एक बयान में रतन टाटा को अपना ‘‘मित्र और मार्गदर्शक’’ बताया। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने एक बयान में कहा, ‘‘हम रतन नवल टाटा को गहरे दुख के साथ विदाई दे रहे हैं। वह वास्तव में एक असाधारण नेतृत्वकर्ता थे, जिनके अतुलनीय योगदान ने न केवल टाटा समूह को बल्कि हमारे राष्ट्र के ताने-बाने को भी आकार दिया है।’’ उन्होंने कहा कि 1991 से रतन टाटा के नेतृत्व में टाटा समूह ने अपनी वैश्विक उपस्थिति का विस्तार किया।

पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी कारोबारी नेता और असाधारण इंसान बताया। मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘श्री रतन टाटा जी का सबसे अनूठा पहलू बड़े सपने देखना और दूसरों को कुछ देने के प्रति उनका जुनून था। वह शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, पशु कल्याण जैसे मुद्दों को आगे बढ़ाने में सबसे आगे रहे थे।’’

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रतन टाटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें ‘‘देश का महान सपूत’’ बताया। गडकरी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘रतन टाटा के साथ मेरे तीन दशकों से घनिष्ठ पारिवारिक संबंध थे।’’नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने भी रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक जताया।

हर्ष गोयनका ने दुख जताया
अरबपति हर्ष गोयनका ने भी टाटा के निधन पर दुख जताया और ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्हें ‘‘टाइटन’’ (अत्यंत महत्वपूर्ण व्यक्ति) करार दिया। रतन टाटा ने सोमवार को कहा था कि उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है और वह उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच करा रहे हैं। उन्होंने कहा था, ‘‘मैं उम्र संबंधी बीमारियों के कारण अभी चिकित्सकीय जांच करा रहा हूं। चिंता की कोई बात नहीं है। मैं ठीक हूं।’’

ओम बिरला ने शोक व्यक्त किया
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की है।

भारतीय कॉरपोरेट जगत के सौम्य सम्राट थे रतन टाटा : रमेश
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने विख्यात उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर बृहस्पतिवार को दुख जताया और कहा कि वह भारत के कॉरपोरेट जगत के सौम्य सम्राट थे।

टाटा हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे: वीके सक्सेना
दिल्ली के उपराज्पाल वीके सक्सेना, मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने उद्योगपति रतन टाटा को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी और उनकी सादगी, करुणा, काम के प्रति उनकी विनम्रता एवं जुनून को हमेशा याद रखा जाएगा।

अमेरिका ने उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया
अमेरिका ने बुधवार को वरिष्ठ उद्योगपति रतन नवल टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें भारत को अधिक समृद्धि तथा विकास की ओर अग्रसर करने वाले व्यक्ति के रूप में याद किया।

रतन टाटा एक आदर्श व्यक्ति हैं, जिन्होंने उद्यमियों की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया: फिक्की
उद्योग मंडल फिक्की ने उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक ऐसा आदर्श बताया, जिन्होंने नैतिक पूंजीवाद के अपने दृष्टिकोण से उद्यमियों की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।फिक्की के अध्यक्ष अनीश शाह ने कहा, ‘‘ फिक्की रतन टाटा को न केवल एक सफल व्यवसायी के रूप में, बल्कि एक आदर्श व्यक्ति के रूप में भी याद करता है, जिन्होंने ईमानदारी, विनम्रता तथा सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को अपनाया।’’ (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button