देश-दुनिया

Gurmeet Ram Rahim: जानें, कौन है गुरमीत राम रहीम, हरियाणा चुनाव से पहले पैरोल मिलने पर किसने-क्या कहा

कांग्रेस (Congress) नेता प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) के पति रॉबर्ट वाड्रा (Robert Vadra) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह (Gurmeet Ram Rahim) और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में प्रचार के लिए जेल से बाहर लाने के पीछे भाजपा का हाथ है और इसका उद्देश्य कांग्रेस की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाना है।

हरियाणा चुनाव से पहले राम रहीम और केजरीवाल को जेल से बाहर लाने में भाजपा का हाथ: रॉबर्ट वाद्रा
रॉबर्ट वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं पर उनके नाम का कथित तौर पर ‘‘अपमानजनक तरीके से’’ इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब चुनाव से पहले वे बाबा राम रहीम को 20 दिन के लिए रिहा करते हैं, जिन पर हत्या, बलात्कार के आरोप हैं और आप (भाजपा) उन्हें प्रचार करने के लिए रिहा करती है। मैं कहूंगा कि केजरीवाल को भी ठीक इसी समय जेल से बाहर लाया गया, ताकि वे हरियाणा में प्रचार कर सकें, मुझे लगता है कि ये भाजपा की पूर्वनियोजित योजना है। उन्होंने कहा कि भाजपा को लगता है कि ये लोग हरियाणा में कांग्रेस की जीत की संभावनाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले 20 दिन की पैरोल मांगी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने सोमवार को कहा था कि हरियाणा सरकार डेरा सच्चा सौदा प्रमुख सिंह की पैरोल पर विचार कर सकती है, बशर्ते कि उनकी पैरोल याचिका में उल्लेखित तथ्य सत्य हों तथा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता के संबंध में अन्य शर्तें पूरी होती हों। राम रहीम ने पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले 20 दिन की पैरोल मांगी है।

अरविंद केजरीवाल इस मामले में हुए रिहा
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंज केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा किया गया था। केजरीवाल पूरे हरियाणा में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

मुझे बर्बाद करने की कोशिश कीः रॉबर्ट वाड्रा
पेशे से व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि उन्हें लगता है कि जिस कंपनी के साथ वह काम कर रहे हैं, वह हरियाणा में नौकरियां मुहैया करा सकती है। उन्होंने कहा कि मैं हरियाणा में रोजगार दे सकता था, लेकिन इस (भाजपा) सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि मेरे सभी साथी डरे-सहमे रहें और वे यहां से चले जाएं। मेरे लिए काम करना मुश्किल हो गया और आर्थिक रूप से उन्होंने मुझे बर्बाद करने की कोशिश की। रॉबर्ट वाड्रा ने विश्वास जताया कि हरियाणा में लोग कांग्रेस को वोट देंगे और उसे चुनाव में ‘‘भारी बहुमत’’ मिलेगा। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

जानें, कौन है गुरमीत राम रहीम
गुरमीत राम रहीम का जन्म राजस्थान के श्रीगंगानगर में 15 अगस्त, 1967 को हुआ था। वह 1990 में डेरा सच्चा सौदा का प्रमुख बना था। डेसा सच्चा सौदा की स्थापना साल 1948 में शाह मस्ताना ने की थी। देश में डेरा सच्चा सौदा के 50 से अधिक आश्रम और लाखों की संख्या में अनुयायी हैं। आश्रम का मेन सेंटर हरियाणा के सिरसा में स्थित है। सोनीपत और उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा में भी राम रहीम के आश्रम हैं। राम रहीम परोल पर जाने के लिए हमेशा सिरसा जाने की मांग करता है, लेकिन सुरक्षा कारणों की वजह से उसे बागपत के बरनावा आश्रम की ही अनुमति मिलती है।

इन मामलों में हो चुकी है सजा
दो शिष्याओं से दुष्कर्म के दोषी गुरमीत राम रहीम को पंचकुला में सीबीआई की एक विशेष अदालत ने 28 अगस्त, 2017 को 20 साल की सजा सुनाई थी। 17 जनवरी, 2019 को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के जुर्म में कोर्ट ने उसे उम्र कैद की सजा सुनाई। आठ अक्टूबर, 2021 को कोर्ट ने पूर्व डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या के मामले में राम रहीम और चार अन्य को दोषी ठहराया था। रंजीत सिंह की 2002 में डेरा सच्चा सौदा के परिसर में हत्या कर दी गई थी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button