Gonda Road Accident: यूपी के गोंडा में एसयूवी सरयू नहर में गिरने से 11 श्रद्धालुओं की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र में रविवार को एक एसयूवी के सरयू नहर में गिर जाने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस बीच, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर दुख जताया है।
बेलवा बहुता के पास हुई दुर्घटना
इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि एसयूवी सवार श्रद्धालु मोतीगंज थाना क्षेत्र के सिहागांव गांव से खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में पवित्र जल चढ़ाने जा रहे थे, तभी बेलवा बहुता के पास यह दुर्घटना हुई।
मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता प्रदान करने के दिए निर्देश
सीएम योगी ने इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



