राजनीति

Atishi Marlena: जानिए, कौन हैं आतिशी मार्लेना, जिन्हें अरविंद केजरीवाल के बाद बनाया गया दिल्ली का मुख्यमंत्री

दिल्ली (Delhi) की मुख्यमंत्री नामित हुईं आतिशी मार्लेना (Atishi Marlena) ने मंगलवार को अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को अपना ‘गुरु’ बताते हुए अपना उत्तराधिकारी चुनने के लिए उनका आभार जताया और कहा कि वह भाजपा के अवरोधों से लोगों के हितों की रक्षा करने के लिए उनके मार्गदर्शन में काम करेंगी।आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। उनसे पहले भाजपा नेता सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) और कांग्रेस की शीला दीक्षित (Sheila Dixit) इस पद पर रह चुकी हैं।

दिल्ली की तीसरी महिला सीएम
आतिशी दिल्ली की सबसे युवा सीएम होंगी, उनकी उम्र अभी 43 वर्ष है। वर्तमान समय में वह ममता बनर्जी (पश्चिम बंगाल) के बाद देश की दूसरी महिला सीएम हैं। दिल्ली में शीला दीक्षित करीब 15 वर्ष तक और सुषमा स्वराज करीब दो महीने तक सीएम रही हैं। ऐसे में आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला सीएम बनने जा रही हैं। दिल्ली कैबिनेट की वह एकमात्र महिला मंत्री हैं, उनके पास सबसे ज्यादा विभाग भी हैं। वह वित्त, जल, शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, पावर, रेवेन्यू, प्लानिंग, सर्विसेंज, लॉ, जस्टिस, इन्फॉर्मेंशन एंड पब्लिसिटी और विजिलेंस विभाग देख रही हैं।

विधायक दल की बैठक में आतिशी के नाम पर सभी आप नेताओं ने लगाई मुहर
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया है। आम आदमी पार्टी सरकार में अहम पदों की कमान संभालने वाली आतिशी को अगला मुख्यमंत्री बनाया गया है। अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में आतिशी के नाम पर सभी आप नेताओं ने मुहर लगाई।

जानें, कौन हैं आतिशी मार्लेना
आतिशी मार्लेना का जन्म आठ जून, 1981 को दिल्ली में हुआ था। उनके माता-पिता, विजय सिंह और त्रिप्ता वाही, दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा स्प्रिंगडेल्स स्कूल, दिल्ली से पूरी की और फिर सेंट स्टीफेंस कॉलेज, दिल्ली से इतिहास में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से चेवेनिंग स्कॉलरशिप पर प्राचीन और आधुनिक इतिहास में मास्टर्स किया।

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल मंगलवार दोपहर को अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ उपराज्यपाल सचिवालय पहुंचे। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी भी उनके साथ थीं, जिन्हें आज दिन में विधायक दल की बैठक में केजरीवाल का उत्तराधिकारी चुना गया।

आशा है कि आतिशी तानाशाही ताकतों से प्रभावी ढंग से निपटेंगी : सिंघवी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक सिंघवी ने दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री आतिशी को मंगलवार को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह ‘तानाशाही ताकतों’ से प्रभावी ढंग से निपटेंगी तथा शहर को विकसित बनाने की दिशा में काम करेंगी। वरिष्ठ अधिवक्ता सिंघवी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि बहुत-बहुत बधाई आतिशी जी। आशा है कि आप तानाशाही ताकतों से प्रभावी ढंग से निपटेंगी और विकसित तथा गतिशील दिल्ली की दिशा में काम करेंगी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button