राजनीति

Haryana Election: हरियाणा में आप और कांग्रेस के गठबंधन पर भाजपा नेता ज्ञान चंद गुप्ता ने कही ये बात

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 (Haryana Assembly Election 2024) में आप (AAP) और कांग्रेस (Congress) के बीच संभावित गठबंधन पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा नेता ज्ञान चंद गुप्ता ने रविवार को चंडीगढ़ में कहा कि कांग्रेस अपनी हार स्वीकार कर चुकी है। कांग्रेस ने प्रचार किया कि हमारे पास 2.5 से तीन हजार निवेदन आए हैं। लेकिन उन्हें उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं और इसी कारण वे सपा या आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने की चर्चा कर रही है। दूसरी ओर, ऐसे लोगों को कांग्रेस टिकट दे रही है, जो किसी न किसी संदिग्ध अपराधों में लिप्त हैं। ऐसे लोगों को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस क्या संदेश देना चाहती है। आज जो चेहरा और चरित्र कांग्रेस का उभरकर सामने आ रहा है उससे साफ है कि कांग्रेस ने अपनी हार स्वीकार कर ली है।

राघव चड्ढा बोले, दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर चल रही है चर्चा
दिल्ली में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) नेता राघव चड्ढा ने हरियाणा में आप-कांग्रेस गठबंधन को लेकर कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा चल रही है। दोनों दलों का प्रयास है कि सभी महत्वाकांक्षाओं को किनारे रखकर हरियाणा के हित में, हरियाणा की जनता की मांग के अनुरूप एकजुट होकर चुनाव लड़ें। गठबंधन करने के लिए आरज़ू, हसरत, उम्मीद भी है। सकारात्मक माहौल में बातचीत चल रही है। मुझे उम्मीद और पूरा भरोसा है कि इस बातचीत से हरियाणा, देश और लोकतंत्र के हित में कोई अच्छा निष्कर्ष जरूर निकलेगा।

सुशील गुप्ता बोले, मैं 90 सीटों के लिए कर रहा हूं तैयारी
आप हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी अनुशासित पार्टी है, पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मैं 90 सीटों के लिए पूरी तैयारी कर रहा हूं। हमारे कार्यकर्ता, परिवार जोड़ो अभियान से जुड़े हुए हैं, केजरीवाल की गारंटी गांव-गांव जा रही है, हमारी जनसभाएं चल रही हैं। सभी नेता पूरी तत्परता से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की तैयारी में लगे हैं। यह सही है कि समझौते (आप-कांग्रेस) की बातचीत चल रही है, एक अनुशासित कार्यकर्ता होने के नाते मैं यही कहूंगा कि अरविंद केजरीवाल जो भी फैसला लेंगे हम उनके साथ हैं। आम आदमी पार्टी एक मजबूत पार्टी है, कोई हमारे संयम को हमारी कमजोरी न समझे, हम आईएनडीआईए गठबंधन के साथी हैं और उम्मीद करते हैं कि गठबंधन सम्मानजनक तरीके से आगे बढ़ेगा, लेकिन आम आदमी पार्टी हरियाणा में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरी है। (एएनआई)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button