देश-दुनिया

Tribute To Manmohan Singh: मनमोहन सिंह को सुधारों के लिए समर्पित नेता के रूप में याद किया जाएगा: नरेंद्र मोदी

भारत (Bharat) में आर्थिक सुधारों के जनक मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) का बृहस्पतिवार रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति बताया और कहा कि उन्हें एक दयालु इंसान, विद्वान अर्थशास्त्री और सुधारों के लिए समर्पित नेता के रूप में याद किया जाएगा।

मनमोहन सिंह का जीवन आने वाली पीढ़ियों को हमेशा सीख देगा : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने एक वीडियो संदेश में सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए यह भी कहा कि उनका जीवन भविष्य की पीढ़ियों को सिखाता है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों से ऊपर उठकर ऊंचाइयों को प्राप्त किया जाता है। मोदी ने कहा कि मनमोहन का निधन राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है। जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। विभाजन के दौरान भारत आने के बाद बहुत कुछ खोने के बावजूद उन्होंने इन उपलब्धियों को हासिल किया।

भारत के लिए मनमोहन सिंह का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा: आरएसएस
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत और इसके महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि भारत के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

मनमोहन सिंह के निधन पर उद्योग जगत ने जताया शोक
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया और देश की आर्थिक वृद्धि में उनकी भूमिका को सराहा।

हिमाचल में मनमोहन सिंह के निधन पर सभी सरकारी सुविधाएं दो दिन तक बंद रहेंगी
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताने के लिए हिमाचल प्रदेश में सभी सरकारी प्रतिष्ठान दो दिन (शुक्रवार और शनिवार) के लिए बंद रहेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य सरकार ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि दिवंगत नेता के सम्मान में 27 और 28 दिसंबर को सभी सरकारी विभाग, बोर्ड, निगम और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।

लालू प्रसाद यादव और अमरिंदर सिंह ने दी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि
राजद अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद यादव ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्हें उनकी ईमानदारी और उत्कृष्ट आर्थिक नीतियों के लिए याद किया जाएगा।

मनमोहन सिंह सबसे विनम्र प्रधानमंत्री थे: पूर्व प्रधान सचिव नायर
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासन के दौरान तब के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के प्रधान सचिव रहे टीक ए नायर ने उन्हें भारत का अब तक का सबसे विनम्र प्रधानमंत्री बताया है। वर्तमान में तिरुवनंतपुरम में रह रहे पूर्व आईएएस अधिकारी नायर ने एक टेलीविजन चैनल से बातचीत में शुक्रवार को कहा कि अपने पूरे कार्यकाल के दौरान कड़ी आलोचनाओं का सामना करने के बावजूद सिंह अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में दृढ़ रहे। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button