Saif Ali Khan Health Update: जानें, अब कैसी है सैफ अली खान की हालत, कब होंगे अस्पताल से डिस्चार्ज?

बॉलीवुड (Bollywood) अभिनेता सैफ अली खान (Saif Ali Khan) की हालत में सुधार हो रहा है और दो से तीन दिन में उन्हें छुट्टी मिलने की उम्मीद है। चिकित्सकों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सैफ के मुंबई स्थित घर में एक घुसपैठिए ने चाकू से ताबडतोड़ हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।
डॉक्टरों ने कही ये बात
अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि अभिनेता को गहन चिकित्सा इकाई से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। वह चल-फिर रहे हैं और सामान्य आहार ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि खान को दो से तीन दिन में छुट्टी मिलने की उम्मीद है। लीलावती अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे ने शुक्रवार को कहा था कि हम उनकी प्रगति पर नजर रख रहे हैं और हमारी उम्मीदों के मुताबिक वे बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं। उनकी प्रगति के अनुसार, हमने उन्हें आराम करने की सलाह दी है और अगर वे सहज महसूस करते हैं, तो दो से तीन दिनों में हम उन्हें छुट्टी दे देंगे।
हमलावर को पकड़ने के लिए 30 टीमें बनाईं
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी जांच की और उन्हें चलने-फिरने में मदद की। डांगे ने कहा था कि खान के शरीर में तीन जख्म थे, दो हाथ पर और एक गर्दन के दाईं ओर तथा सबसे ज्यादा चोट पीठ पर लगी थी, जो रीढ़ की हड्डी में थी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने पीठ से धारदार वस्तु (चाकू) निकाल दी है और रीढ़ की हड्डी की चोट को ठीक कर दिया है। पुलिस ने हमलावर का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए 30 से अधिक टीमें बनाई हैं।
सैफ पर हमले के पीछे किसी गिरोह का हाथ नहीं, चोरी एकमात्र मकसद : महाराष्ट्र के मंत्री
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने शुक्रवार को कहा कि बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हुए हमले के पीछे किसी अंडरवर्ल्ड गिरोह का हाथ नहीं है। कदम ने पुणे में संवाददाताओं से कहा कि हमले के सिलसिले में हिरासत में लिया गया (और बाद में रिहा किया गया) एक संदिग्ध व्यक्ति किसी गिरोह का सदस्य नहीं है। किसी गिरोह ने यह हमला नहीं कराया।
पुलिस को सैफ अली खान पर हमला मामले में कई सुराग मिले : देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में पुलिस को कई सुराग मिले हैं और जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गृह विभाग का भी प्रभार संभाल रहे फडणवीस यहां मीडिया से बात कर रहे थे।
सैफ पर हमला मामले में पुलिस ने बढ़ई से पूछताछ की, मंत्री ने अंडरवर्ल्ड का हाथ होने से किया इनकार
मुंबई के बांद्रा इलाके में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर उनके ही घर में हुए चाकू से हमले के सिलसिले में पुलिस ने शुक्रवार को एक बढ़ई से पूछताछ की, जबकि राज्य सरकार के एक मंत्री ने इस घटना में अंडरवर्ल्ड का हाथ होने से इनकार किया। सैफ (54) पर बुधवार देर रात उनके बांद्रा स्थित आवास पर एक हमलावर ने धारदार हथियार से हमला किया था जिसमें उनकी गर्दन समेत छह जगह पर चोट आई। (भाषा)



