Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमला आतंकवाद के वैश्विक खतरा होने की याद दिलाता है: जगदीप धनखड़

Pahalgam Terror Attack: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को तमिलनाडु में कहा कि पहलगाम आतंकी हमला यह याद दिलाता है कि आतंकवाद एक वैश्विक खतरा है। उन्होंने कहा कि मानवता को एकजुट होकर इसका सामना करना होगा।
पहलगाम आतंकी हमला मानवता की हत्या: राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शुक्रवार को कहा कि कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकवादी हमला मानवता की हत्या थी और आतंकी केंद्र सरकार द्वारा पिछले कुछ वर्षों में वहां किए गए सारे कार्यों को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। आर्लेकर ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में भारत के नागरिकों को एकजुट होने की आवश्यकता है। यह टिप्पणी उन्होंने कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) जैसे कुछ राजनीतिक दलों की ओर से सुरक्षा चूक को लेकर की गई आलोचनाओं के संदर्भ में की।
अमानवीय तत्वों ने पहलगाम में देश की आत्मा पर हमला किया: ज्योतिरादित्य सिंधिया
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि अमानवीय तत्वों ने बिना यह समझे भारत की आत्मा पर प्रहार किया कि चुनौती मिलने पर देश और तेजी से उठता है। क्वांटम टेक्नोलॉजी विषय पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आतंकियों और उनके आकाओं को जवाब देगा।(भाषा)



