Uttar Pradesh Foundation Day: उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी बोले, डबल इंजन सरकार में बदली यूपी की तस्वीर

UP Foundation Day: उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने कहा, विश्वास है कि उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा
राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि यह राज्य प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। मुर्मू ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को मेरी शुभकामनाएं। गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा में एक मजबूत आधार स्तंभ रही है
प्रधानमंत्री बोले, देश की प्रगति को गतिशील बनाए रखने में बहुत काम आने वाला है उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा कि भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में अमूल्य योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। डबल इंजन सरकार और विकास को समर्पित यहां के लोगों की सहभागिता से हमारे इस राज्य ने बीते नौ वर्षों में बीमारू से बेमिसाल प्रदेश बनने का सफर तय किया है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि देश की प्रगति को गतिशील बनाए रखने में उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य बहुत काम आने वाला है।
उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर योगी ने प्रदेशवासियों व प्रवासी भारतीयों को दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों और विदेश में प्रवास कर रहे प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य आज संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़कर भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। योगी ने एक्स पर बुधाई व शुभकामनाओं का वीडियो संदेश साझा करते हुए पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश के मेरे बहनों और भाइयों, आप सभी को उत्तर प्रदेश दिवस की हार्दिक बधाई। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



